कांवड़ियों ने जनाजे के लिए रोक दी हजारों की भीड़, चेन बनाकर शिवभक्तों ने हाईवे पर दिया रास्ता

संवाददाता, मेरठ
Follow us on Google News
share

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द्र की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। दरअसल, एक मुस्लिम युवक की मौत के बाद  कब्रिस्तान तक शव ले जाने के लिए कांवड़ियों ने खुद आगे बढ़कर हजारों की भीड़ का कारवां रोक दिया और जनाजे के लिए रास्ता बनाया।

funeral procession of a Muslim youth
कांवड़ियों ने चेन बनाकर जनाजे के लिए रास्ता दिया (सांकेतिक फोटो)

UP News: दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित सिवाया गांव में रविवार को इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द्र की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। हार्ट अटैक से हुई एक युवक की मौत के बाद हाईवे के दूसरी ओर कब्रिस्तान तक शव ले जाने के लिए कांवड़ियों ने खुद आगे बढ़कर हजारों की भीड़ का कारवां रोक दिया और जनाजे के लिए रास्ता बनाया।

रविवार को सिवाया गांव के रहने वाले 40 साल के निजाम की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। जब परिजन शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए ले जाने की तैयारी की तो हाईवे कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों का भारी जनसैलाब चल रहा था। कब्रिस्तान हाईवे के दूसरी तरफ होने के कारण परिजनों के सामने जनाजा निकालने की चुनौती खड़ी हो गई। कावंड़ यात्रा का अंतिम चरण होने के कारण इस समय दिल्ली-दून हाईवे पर हर मिनट हजारों की संख्या में कांवड़िये गुजर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मदद मांगी।

दौराला थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में जैसे ही जनाजा हाईवे के पास पहुंचा तो वहां से गुजर रहे कांवड़ियों को स्थिति का आभास हुआ। जनाजे को देख कुछ कांवड़ियों ने खुद कमान संभाली और तुरंत एक-दूसरे को रोका। देखते ही देखते हजारों कांवड़ियों का हुजूम हाईवे पर थम गया और निजाम का जनाजा हाईवे पार करने के बाद ही कांवड़िये आगे बढ़े।

चेन बनाकर रोका दिल्ली-देहरादून हाईवे

कांवड़ियों के एक ग्रुप ने खुद आगे बढ़कर जनाजे के लिए रास्ता बनाने का निर्णय लिया और कांवड़ियों का एक ग्रुप आगे आया और एक दूसरे को रोकते हुए हाईवे पर चल रही कांवड़ यात्रा की भीड़ को रोक दिया। कुछ कांवड़िये आपस में चेन बनाकर हाईवे पर खड़े हो गए और जब तक पूरा जनाजा सम्मानपूर्वक हाईवे पार कर कब्रिस्तान की ओर नहीं बढ़ गया, तब तक हजारों कांवड़िये शांतिपूर्वक हाईवे पर रुके रहे। जनाजा निकलने के बाद ही कांवड़ियों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़े। कांवड़ियों के इस सम्मान और आपसी भाईचारे के व्यवहार की पूरे इलाके में प्रशंसा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवभक्तों की इस पहल ने गंगा-जमुनी तहजीब और इंसानियत का एक ऐसा संदेश दिया है जो समाज के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकांवड़ियों ने जनाजे के लिए रोक दी हजारों की भीड़, चेन बनाकर हाईवे पर दिया रास्ता