Kanpur News: ट्रेन चालक की सूझ-बूझ से युवक ट्रेन के नीचे आने से बचा
Kanpur News: पुखरायां में एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे सीएचसी लाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। ट्रेन चालक ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नशे में था और हार्न नहीं सुन पाया। इसके चलते युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Kanpur News: पुखरायां, संवाददाता। स्थानीय मंडी क्रासिंग के पहले एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया। उपचार के लिए उसे सीएचसी लाया गया, जहां पर उपचार के बाद हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज भेजा गया। झांसी से कानपुर की ओर जा रही ट्रेन के चालक ने एक युवक को पटरियों से सटकर चलते देखा तो उसने ट्रेन का हार्न बजाकर युवक को वहां से हटाने की कोशिश की, लेकिन जब ट्रेन चालक ने देखा कि युवक पर हार्न का कोई असर नहीं हो रहा है और वह अपनी धुन में चला जा रहा है तो ट्रेन चालक ने ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन रूकते-रूकते युवक के पास तक पहुंच गई और युवक खंभा नम्बर-1288/28 पर ट्रेन की चपेट में आ कर घायल हो गया।
ट्रेन चालक की सूझ-बूझ से युवक ट्रेन के नीचे आने से तो बच गया, लेकिन ट्रेन के तेज झटके से नहीं बच पाया और घायल हो कर वहीं गिर गया। ट्रेन चालक ने पुखरायां स्टेशन पहुंच कर आरपीएफ को इसकी जानकारी दी। आरपीएफ के प्रधान आरक्षी रमेश कुमार व चन्द्रकेश दुर्गदासपुर निवासी अड़तिस साल के सुरजीत पुत्र वलवंत को घायल अवस्था में लेकर सीएचसी आए, जहां उपचार के बाद भी युवक की हालत में सुधार न देख उसे मेडिकल कालेज अकबरपुर रेफर किया गया। आरपीएफ के प्रधान आरक्षी ने बताया कि युवक नशे की हालत में था। इसलिए उसे ट्रेन का हार्न नहीं सुनाई दिया।


