
सचिवालय मे नौकरी के नाम पर दो लाख ठगे, मुकदमा
Kanpur News - चकेरी में एक युवक से सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपितों ने पैसे मांगने पर पीड़ित को धमकाया। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर के आदेश पर चकेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में कार्रवाई जारी है।
चकेरी। सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से दो लाख की ठगी कर ली गई। पीड़ित के मुताबिक रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने उन्हें धमकाया। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर के आदेश पर चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। अहिरवां के चेत नगर निवासी नीरज कुमार अग्रहरि के अनुसार उनकी मुलाकात दो साल पहले सामाजिक कार्यक्रम में मूल रूप से औरैया के नुनारी निवासी शैलेन्द्र गुप्ता से हुई थी। उससे फोन पर बातचीत होने लगी। जनवरी 2025 में आरोपित शैलेन्द्र दो साथी वाराणसी के सारनाथ सारंग तालाब निवासी रविशंकर अंगारा और सुल्तानपुर के गोरा बारीक निवासी दिलीप गुप्ता के साथ उनके घर आए।

आरोपितों ने बताया कि वे सरकारी नौकरी लगवाते हैं और उनकी नौकरी सचिवालय में लगवा देंगे। लेकिन उन्हें पांच लाख रुपये देने होंगे। पीड़ित ने बताया कि दिलीप से अच्छी पहचान होने के चलते वे आरोपितों के झांसे में आ गये और रिश्तेदारों से उधार लेकर उन्होंने दो लाख रुपये आरोपितों को दिये। आरोपितों ने उनके कागजात की फोटो कॉपी भी ले ली। चार माह निकल जाने के बाद उन्होंने आरोपितों से नौकरी के बारे में पूछा तो आरोपितों ने कहा कि दोबारा फार्म भरे जायेंगे। तीन माह का समय लगेगा। समयसीमा बीतने पर उन्होंने दोबारा पूछा तो आरोपित टालमटोली करने लगे। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने उन्हें धमकाया। कहा कि आरोपित शैलेन्द्र गुप्ता के ऊपर कई जिलों के थानों में हत्या, लूट और अपहरण जैसे मामले दर्ज हैं। तुम्हारे पूरे परिवार की हत्या कर देंगे।पीड़ित ने चकेरी थाने में शिकायत की। आरोप है कि पुलिस के कार्रवाई न करने पर उन्होंने पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से शिकायत की। कार्यवाहक थाना प्रभारी रिजवान खान ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


