शादी के साढ़े चार महीने में ही विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दी
Kanpur News - गजनेर थाना क्षेत्र के मंगटा गांव में 25 वर्षीय लक्ष्मी ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। उसकी शादी 30 नवंबर 2025 को हुई थी। सुबह उसकी सास ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला।

सरवनखेड़ा संवाददाता। गजनेर थाना क्षेत्र के मंगटा गांव में एक नव विवाहिता महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर पंखे के कुंडे से साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। भोर में उसकी सास नीलम ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज न आने पर उसे चिंता हुई। महिला की 30 नवंबर 2025 को शादी हुई थी। मृतका के पति पीएसी में प्रयागराज में तैनात है। स्थानीय पुलिस ने दरवाजा तोड़कर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रनियां नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 केशव नगर के रहने वाली 25 साल की लक्ष्मी की शादी 30 नवंबर 2025 को मंगटा गांव निवासी नीतेश सिंह चौहान के साथ हुई थी।
पति वर्तमान में इलाहाबाद में पीएसी में तैनात हैं। घर में लक्ष्मी अपनी सास नीलम व ससुर राजबहादुर के साथ रहती थी। रविवार की रात उसके ससुर नवीपुर स्थित फैक्ट्री में अपनी ड्यूटी पर चले गए। खाना खाकर सास बहू अलग-अलग कमरे में सो गईं। सुबह जब उनकी सास जगी तो बहू को जगाने के लिए उसने कमरे के दरवाजे को खटखटाया तब तक काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिल सका। इससे सास नीलिमा ने खिड़की से झांककर देखा तो बहू लक्ष्मी फंदे से लटकी हुई थी। शोर मचाने पर आसपास मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना गजनेर पुलिस को दी गई। साथ ही रनिया स्थित मायके में भी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मृतका के पिता शैलेंद्र सिंह सेंगर उर्फ टिंकू भी कई अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए इस संबंध में गजनेर थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया की आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। मौके पर कोई सुसाइड नोट आदि बरामद नहीं हुआ है। महिला का मोबाइल जांच के लिए फारेंसिक टीम ने सील किया है। नायब तहसीलदार रविंद्र मिश्रा की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम भेजा गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


