
बैंंक में रुपये जमा करवाने गई महिला से 35 हजार की टप्पेबाजी
Kanpur News - सरसौल के टौंस चौराहे स्थित बैंक में एक महिला ने रुपये जमा करने के लिए पहुंची थी। एक युवक ने उसे धोखे से 35 हजार रुपये लेकर भाग गया। महिला जब पालीथीन खोली, तो उसमें केवल एक 500 का नोट था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन घटना का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
सरसौल। टौंस चौराहा स्थित एक बैंक में गुरुवार को रुपये जमा करवाने पहुंची महिला के साथ 35 हजार की टप्पेबाजी कर आरोपित युवक फरार हो गया। वहीं नर्वल व महाराजपुर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। पीड़िता का मुकदमा तक नहीं लिखा गया। नर्वल के ख्वाजगीपुर निवासी किसान कमलेश की पत्नी लगभग 50 वर्षीय बुद्धा गुरुवार दोपहर बाद टौंस चौराहा स्थित उत्तर प्रदेश बड़ौदा ग्रामीण बैंक की बौसर शाखा 35 हजार रुपये जमा करने गई थीं। पीड़िता बुद्धा के मुताबिक वो बैंक पहुंची तो वहां मौजूद एक युवक से रुपये जमा करने के लिए फार्म भरने को कहा। युवक ने फार्म भरा और नोटों की डिटेल भरने के लिए रुपये मांगे।

बोला रुपये दो गिन लें ताकि डिटेल भर सकें। पीड़िता पीली पालीथीन में रुपये रखे थीं। उन्होंने पालीथीन समेत पूरे 35 हजार रुपये युवक को थमा दिए। इसी बीच युवक ने पीड़िता को किसी बात में उलझाया और थोड़ी देर बाद पीली पालीथीन वापस कर बोला ये लो अपने रुपये लाइन में लगकर जमा कर दो जाके। पीड़िता रुपये जमा करने के लिए लाइन में लग गई। आरोपित मौका पाकर बाहर निकला और फरार हो गया। रुपये जमा करने के दौरान जब महिला ने पालीथीन खोली तो ऊपर केवल एक नोट पांच सौ का था। बांकी नीचे कागजों की गड्डी थी। सूचना पर नर्वल थाने से पुलिस बैंक पहुंची।पीड़िता से जानकारी की और बैंक कर्मियों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों की भी जांच हुई। फुटेज में आरोपित युवक बैंक के अंदर दिखा है। लेकिन नर्वल पुलिस ने घटना महाराजपुर क्षेत्र में होने की बात कह पीड़िता को टरका दिया। घटना का मुकदमा तक नहीं दर्ज किया गया। नर्वल थाना प्रभारी अखिलेश कुमार पाल ने बताया कि बैंक महाराजपुर थाना क्षेत्र में आता है। नर्वल से कोई लेना देना नहीं है। वहीं महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि उनको घटना की जानकारी नहीं है। कोई उनके पास आया न ही फोन कर जानकारी दी। जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


