तेज गर्मी के बीच यूपी में बारिश के आसार
Kanpur News - तेज गर्मी के बीच यूपी में बारिश के आसार तेज गर्मी के बीच यूपी में बारिश के आसार

कानपुर। उत्तरी पाकिस्तान से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ से इस बार उत्तर प्रदेश में भी बारिश होगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने इसके लिए पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है। 15 मार्च को यह वर्षा देश के 12 राज्यों में जबकि 16 मार्च को यह यूपी और बिहार में संभावित है। गुरुवार को करीब 20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं, गुरुवार को तेज गर्मी से लोग परेशान रहे। उत्तरी व मध्य पाकिस्तान से इस बार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। नया विक्षोभ 14 मार्च को दस्तक देगा। अभी तो इससे पहले आए विक्षोभ का असर पहाड़ों पर दिख रहा है।
इससे बर्फबारी व बारिश हो रही है पर निकट के ही हिमाचल में लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं। 14 के बाद हिमाचल प्रदेश को भी इस गर्मी से राहत मिल जाएगी।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 15 मार्च को उत्तर प्रदेश समेत पंजाब, हरियाणा, बिहार, एमपी, राजस्थान आदि राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया जा चुका है। आईएमडी के आंचलिक केंद्र के अनुसार, प्रदेश के ऊपरी हिस्से के जिलों में बारिश की अधिक संभावना लग रही है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, कानपुर मंडल में तेज बारिश की संभावना तो नहीं लग रही है लेकिन अभी से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। कानपुर के आसपास हल्के बादल नजर आने लगे हैं। 15 तक संभव है कि कानपुर मंडल में भी तेज बारिश की संभावनाएं बन जाएं पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।गुरुवार को कानपुर फिर बहुत गर्म रहा। अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक है। धूप की तेजी को इस बात से समझा जा सकता है कि नमी का अधिकतम प्रतिशत 78 और न्यूनतम 26 रहा। रात के तापमान में मामूली कमी की दर्ज की गई है। न्यूनतम पारा 18.4 डिग्री से घटकर 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक है।हवा की रफ्तार दिन में 16 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम तकनीकी कृषि अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 16 मार्च के बाद मौसम में स्थिरता की संभावना है। तापमान में भी थोड़ी कमी आएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


