UP Weather: तेज धूप के साथ मौसम हुआ तल्ख, चढ़ा पारा, छाया ढूंढते नजर आए लोग

Feb 28, 2026 11:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share Share
Follow Us on

Kanpur News - कानपुर देहात में मौसम के तेवर फिर से तल्ख हो गए हैं, जिससे तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर पहुंच गया है। तेज धूप के कारण लोग छाया की तलाश में हैं और किसान फसलों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम में बदलाव से बुखार, जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।

UP Weather: तेज धूप के साथ मौसम हुआ तल्ख, चढ़ा पारा, छाया ढूंढते नजर आए लोग

जिले में मौसम के तेवर फिर से तल्ख हो गए हैं। तेज धूप व पारा बढ़ने से गर्म कपड़े फिर से बक्सों में कैद होने लगे हैं। शुक्रवार को तेज धूप के साथ पारा सामान्य से पौने चार डिग्री ऊपर पहुंचने से तल्ख हुए मौसम के कारण जहां लोग छाया तलाशते दिखे। वहीं मौसम के गर्म मिजाज से गेहूं व सब्जी की फसलों पर प्रतिकूल असर देख परेशान किसान फसलों को बचाने की कवायद में जुट गए हैं। होली नजदीक आते ही मौसम तल्ख होने लगा है।

दिन में तेज धूप निकलने के साथ ही पारा बढ़ने से मौसम के तेवर तल्ख हो रहे हैं। इससे लोगों ने गर्म कपड़ों को बक्सों में पैक करना शुरू कर दिया है। हालांकि रात के तापमान में अभी उतार चढ़ाव जारी है। गुरूवार रात में पारा सामान्य से आधा डिग्री नीचे गिरकर 12.2 डिग्री रहा, जबकि गुरूवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। सूरज निकलने के बाद मौसम तल्ख होने लगा। दोपहर में पारा सामान्य से करीब पौने चार डिग्री ऊपर जाकर 31.2 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि तेज धूप से बढ़ी गर्मी के कारण लोग छाया की तलाश करते दिखे। माती कोर्ट परिसर में वादकारी पेड़ों की छाया में डेरा जमाए दिखे।

मौसम के तल्ख तेवर व पारे में हुए इजाफा से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने लगा है। खेतों में चने की फसल दस दिन पहले ही पकने की स्थिति से दाना छोटा होने की संभावना बढ़ गई है, जबकि खड़ी गेहूं के साथ ही सब्जी की फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने लगा है। सीएसए के मौसम विभाग के तकनीकी अधिकरी अजय मिश्र ने बताया कि पारा सामान्य से 3 डिग्री से ऊपर रहने का असर गेहूं की फसल पर पड़ सकता है। नमी कम होने से दाने का पूरा विकास नहीं हो पाता है, जबकि सब्जी की बोई जाने वाली फसलों पर भी नमी कम होने का असर पड़ना तय है। उन्होंने किसानों से खेतों में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करने की सलाह दी।

मौसम परिवर्तन के साथ बढ़ा खांसी, जुकाम व बुखार मौसम में आए बदलाव के साथ जुकाम खांसी, बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को भी मेडिकल कालेज की ओपीडी में 1140 नए व करीब तीन सौ पुराने मरीज उपचार के लिए आए। इनमें 70 फीसदी मरीज बुखार जुकाम व खांसी से पीड़ित थे। मरीजों की भीड़ बढ़ने से पर्चा बनवाने व डॉक्टर को दिखाने के साथ दवा लेने में मरीजों को लंबी लाइन लगानी पड़ी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।