Kanpur News: हर घर नल से जल का लोहारी गांव के लोगों को अभी तक इन्तजार
Kanpur News: कानपुर देहात के लोहारी गांव में घर घर नल से जल पहुंचाने की योजना चार साल बाद भी अधूरी है। 2 करोड़ रुपये लागत से बन रही जल टंकी का निर्माण कार्य फरवरी 2022 में शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक आधा भी नहीं हुआ। ग्रामीण हैंडपंपों पर निर्भर हैं और पानी की आपूर्ति में समस्या का सामना कर रहे हैं।
Kanpur News: कानपुर देहात, संवाददाता। सरवनखेड़ा ब्लॉक के लोहारी गांव में चार साल बाद भी हर घर नल से जल पहुंचाने का सपना अधूरा है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पानी की टंकी का निर्माण फरवरी 2022 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2024 तक पूरा होना था। समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण कार्य आधा भी पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में ग्रामीणों को आज भी पेयजल के लिए हैंडपंपों के भरोसे रहना पड़ रहा है।सरवनखेड़ा ब्लॉक की लोहारी ग्राम पंचायत में पानी की टंकी का निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी का निर्माण शुरू हुआ तो उम्मीद जगी थी कि जल्द ही घरों तक नल से पानी पहुंचेगा, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी।
गांव में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन अधिकांश घरों में अभी तक टोंटी तक नहीं लगाई गई है। पानी की आपूर्ति शुरू होना तो दूर, पाइपलाइन की टेस्टिंग तक नहीं हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम पंचायत में करीब 30 हैंडपंप लगे हैं, जिनमें लगभग 15 खराब पड़े हैं। ऐसे में गर्मी समेत अन्य दिनों में भी लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि टंकी बनने में समय लग रहा था तो कम से कम बोरिंग से ही पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाती, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती थी।ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन डालने के दौरान सड़कों की खुदाई को लेकर भी ठेकेदार से विरोध किया गया था। ग्रामीणों की मांग थी कि पाइप लाइन अंडरग्राउंड डालने के बाद ही काम किया जाए। इसके चलते गांव की कुछ सड़कें बच सकीं। ग्रामीणों का कहना है कि चार साल पहले उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही घर तक पानी पहुंचेगा, लेकिन अब राहत की जगह परेशानी बढ़ती जा रही है। ग्रामीण रामदास, कुलदीप, अमन, राहुल और शैलेंद्र सिंह आदि ने बताया कि योजना शुरू होने के समय लगा था कि अब पेयजल की समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन लंबे समय बाद भी न टंकी तैयार हुई, न घरों में टोंटी लगी और न ही पानी की आपूर्ति शुरू हुई। ग्रामीणों में इसे लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि पहले बोरिंग और टंकी का काम पूरा कर पाइपलाइन की टेस्टिंग की जाती, इसके बाद घरों तक कनेक्शन दिए जाते तो योजना का लाभ मिल सकता था। लेकिन मौजूदा स्थिति में न तो पानी मिल रहा है और न ही निर्माण कार्य पूरा होता दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।


