Kanpur News: पेट्रोल का पैसा हुआ पानी तो भड़के वाहन स्वामी
Kanpur News: कल्याणपुर के शिवाय पंप पर पेट्रोल की जगह पानी मिलने से वाहन स्वामियों में गुस्सा फैल गया। हंगामे के बाद पुलिस ने नोजल से पानी जैसा तरल निकाला। वीडियो वायरल होने पर डीएसओ ने जांच शुरू की और पंप को सील कर दिया। मालिक ने कहा कि टैंक में पानी किसने डाला, इसकी जानकारी नहीं है।

Kanpur News: कल्याणपुर के मकड़ीखेड़ा में स्थित शिवाय पंप से पेट्रोल की जगह पानी मिलने पर वाहन स्वामियों का गुस्सा भड़क उठा। रास्ते में गाड़ियां बंद होने के बाद वापस पहुंचे लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि मैनेजर ने गलती मानने के बजाय अभद्रता की। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस ने नोजल से बोतल में पेट्रोल निकाला तो भी पानी जैसा तरल पदार्थ आने लगा। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। हालांकि आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं लोगों ने पेट्रोल के पैसे वापस करने की मांग शुरू कर दी। इसके बाद करीब 25 वाहनों की टंकी खाली कराकर उन्हें रुपये वापस किए गए।
समीक्षा और आगे की कार्रवाई
सुबह सात बजे पंप खुलने के बाद से ही उसमें पानी निकलने की शिकायत आने लगी थी। 10 बजे तक हंगामा और पुलिस के पहुंचने के बावजूद आला अफसर आंखें बंद किए रहे। शहरवासी पानी डाले जाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर जब उग्र हुए और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया तो जिले के आला अफसर हरकत में आए। पूरा दिन सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बावजूद डीएसओ रात आठ बजे जांच करने पहुंचे। इसके बाद पंप सील किया गया।
पंप मालिक का बयान
मालिक शिवाय फिलिंग स्टेशन गौरव त्रिपाठी के मुताबिक पानी लगातार बरस रहा था। टैंक में कहां से आया, इसकी कोई जानकारी नहीं है। सोमवार रात को टैंक में 20 हजार लीटर पेट्रोल लोड हुआ था। सुबह पांच-पांच लीटर निकालकर वीडियो बनाकर जांच करके देखा गया। शिकायत आने पर बिक्री को रोका गया था। पूरे पेट्रोल को फिंकवाया गया। पेट्रोल लेने वाले ग्राहकों की टंकी साफ कराकर उनको पैसा वापस किया गया। पंप को बंद कर दिया गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


