Kanpur News: वायरल की मार से हर घर में बीमार, छुट्टी में पहुंचे अस्पताल
Kanpur News: कानपुर में मौसम के बदलते मिजाज के बीच वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कई परिवारों में एक सदस्य के बीमार होने पर दूसरे भी बुखार और सर्दी-जुकाम का शिकार हो रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकीय सलाह के बिना एंटीबायोटिक लेना नुकसानदायक हो सकता है।

Kanpur News: कानपुर, प्रमुख संवाददाता। मौसम के बदलते मिजाज के बीच वायरल संक्रमण ने शहर में घर-घर दस्तक दे दी है। कई परिवारों में एक के बीमार पड़ने के बाद धीरे-धीरे दूसरे सदस्य भी बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और बदन दर्द की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में वायरल के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। सबसे ज्यादा बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं। उर्सला, हैलट की इमरजेंसी में रक्षाबंधन के दिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। चिकित्सकों के मुताबिक, बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने और तापमान में उतार-चढ़ाव से वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कई मरीजों में तेज या हल्का बुखार, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द और शरीर में दर्द जैसे लक्षण मिल रहे हैं।
संक्रमण का फैलाव
एक से दूसरे तक पहुंच रहा संक्रमण : उर्सला के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र तिवारी के अनुसार, घर में संक्रमित व्यक्ति के खांसने-छींकने, उसके इस्तेमाल की वस्तुओं और नजदीकी संपर्क से संक्रमण दूसरे सदस्यों तक पहुंच सकता है। मरीज को अलग कमरे में रखने, मास्क लगाने और बार-बार हाथ धोने की सलाह दी है। उनका कहना है कि वायरल बुखार में बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक लेना नुकसानदायक हो सकता है। पर्याप्त पानी पीना, आराम करना और हल्का पौष्टिक भोजन लेना जरूरी है। तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, लगातार उल्टी या अत्यधिक कमजोरी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
स्वास्थ्य टिप्स
इन टिप्स पर दें ध्यान :
बीमार सदस्य को अलग रखें
खांसते-छींकते समय मुंह ढकें
बीमारी में भीड़ में जाने से बचें
लक्षण पर खुद से दवा न लें
डॉक्टरी की सलाह पर ही दवा लें


