
यूपी टी-20 लीग में अब छह नहीं आठ टीमें दिखाएंगी दम
Kanpur News - उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन में अब छह नहीं, बल्कि आठ टीमें मुकाबला करेंगी। कानपुर, लखनऊ, नोएडा, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी के साथ आगरा और प्रयागराज की टीमें भी भाग लेंगी। ग्रीनपार्क स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच बनाने की योजना है। लीग का प्रसारण इस साल लाइव होगा जिससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी।
उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन में छह नहीं आठ टीमें दम दिखाएंगी। कानपुर, लखनऊ, नोएडा, मेरठ, गोरखपुर और वाराणसी के साथ आगरा व प्रयागराज की टीम दम दिखाने उतर सकती हैं। हालांकि नई फेंचाइजी हासिल करने की दौड़ में बरेली भी शामिल है। लीग के चौथे सीजन का आगाज पिछले वर्षों की भांति अगस्त में ही होगा। मगर इस बार लीग के मुकाबले कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम और लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कराने की योजना है। ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के कार्यालय का शुभारंभ हुआ। लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव सिंह ने विधिवत पूजन अर्चन कर किया।
कार्यालय के शुभारंभ के बाद टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर मंथन हुआ और प्रस्ताव तैयार किए गए। चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कार्यालय की शुरुआत के साथ ही लीग की तैयारी भी शुरू हो गई है। नए सीजन में छह के स्थान पर आठ टीमें हिस्सा लेंगी। नई फ्रेंचाइजी को हासिल करने के लिए कई शहरों की ओर से प्रयास किया जा रहा है। आगरा और प्रयागराज फ्रेंचाइजी हासिल करने की दौड़ में सबसे आगे हैं। बरेली भी मजबूत दावेदारी कर रहा है। युवा क्रिकेटरों को आईपीएल तक पहुंचाने वाली यूपी टी-20 लीग का ऑक्शन का प्रसारण इस साल लाइव किया जाएगा। जिससे टीम चयन को और अधिक पारदर्शी बनाया जा सके। डॉ. कपूर ने कहा कि टीम की संख्या बढ़ने से प्रदेश के उभरते हुए क्रिकेटरों को और बड़ा मंच मिलेगा और वे खुद को साबित कर आगे की राह बना सकेंगे। लीग का पहला सीजन ग्रीनपार्क स्टेडियम और दूसरा व तीसरा सीजन इकाना स्टेडियम में संपन्न हुआ है। ग्रीनपार्क में बनेगी अब लाल मिट्टी की पिच यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि ग्रीनपार्क स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच बनने का रास्ता साफ हो गया है। पिच के लिए महाराष्ट्र से 40 टन लाल मिट्टी ग्रीनपार्क स्टेडियम आ गई है। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मुकाबले के बाद स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। ग्रीनपार्क के साथ कमला क्लब में भी लाल मिट्टी की पिच बनाई जाएगी। अभी तक ग्रीनपार्क स्टेडियम में काली मिट्टी की पिच है। जबकि अधिकतर स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच बनी हुई है। जिससे खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




