Kanpur News: शुक्लागंज रेलवे क्रॉसिंग पर फोरलेन आरओबी की कवायद तेज
Kanpur News: कानपुर में शुक्लागंज से जुड़ने वाले निर्माणाधीन गंगापुल के आगे रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने का कार्य शुरू हुआ है। पुराना गंगा पुल टूटने के बाद नई कनेक्टिविटी के लिए यह जरूरी है। रेलवे ने सर्वे पूरा किया है और प्रशासन इसकी सिफारिश कर रहा है।

Kanpur News: कानपुर। कानपुर को शुक्लागंज से जोड़ने वाले निर्माणाधीन गंगापुल के आगे रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे पुल बनाने की कवायद तेज हुई है। बिना आरओबी के फोर लेन पुल का फायदा न मिल पाने की आशंका के तहत प्रशासनिक अफसरों और जनप्रतिनिधियों की शासन में पैरवी का असर हुआ है। रेलवे की टीम ने रेलवे ओवरब्रिज बनाने का सर्वे करने के बाद डीआरएम लखनऊ को रिपोर्ट दी है। इसमें रेलवे के सिग्नल समेत अन्य विभागों का सर्वे कराने की सिफारिश की गई है। अभी लखनऊ से कानपुर आने जाने वाले शुक्लागंज रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से घंटों परेशान होते हैं। लखनऊ-कानपुर रेल मार्ग की मुख्य लाइन पर क्रॉसिंग पर 53 जोड़ी ट्रेनें और मालगाड़ियों की वजह यह गेट 24 घंटे में 10 घंटे बंद रहता है। पुराना गंगा पुल जब चालू था, तब भी क्रॉसिंग गेट बंद होने से लंबा जाम लगता था क्योंकि शुक्लागंज साइड में उतरते ही लखनऊ या उन्नाव जाने वाले रास्ते में 180 मीटर दूरी पर रेलवे क्रॉसिंग है। अब नए पुल में यह समस्या पैदा न हो, इसके लिए आरओबी जरूरी है। इस पुल की जरूरत पर आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ लगातार इसे प्रमुखता से उठा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद रमेश अवस्थी, उन्नाव विधायक पंकज गुप्ता ने मुख्यमंत्री और कानपुर के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को लिख चुके हैं। पुराना गंगा पुल टूटने के बाद 235 करोड़ रुपये से नया पुल बन रहा है। सेतु निगम ने गंगा पुल के साथ ही शासन को पुल के साथ आरओबी का प्रस्ताव दिया था। 147 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बना था लेकिन इसकी मंजूरी नहीं मिल पाई थी। इसलिए इसे बनाने की कवायद हो रही है。
यह है मौजूदा हालात
शुक्लागंज की तरफ पुल के छोर से रेलवे क्रॉसिंग 180 मीटर पर है। सेतु निगम ने गंगा पुल के साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर 147 करोड़ की अनुमानित लागत से 700 मीटर लंबा फोर लेन पुल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा। इस क्रॉसिंग से रोजाना 53 जोड़ी ट्रेनें और 25 से 30 मालगाड़ियां गुजरती हैं। इससे यह क्रॉसिंग 24 में 10 घंटे तक प्रतिदिन बंद रहती है। शासन ने 235 करोड़ रुपये से गंगा नदी पर 1200 मीटर लंबे फोर लेन नये गंगा पुल को स्वीकृत कर दिया है। जिसका काम चल रहा है।
गंगा पुल की स्थिति
2021 में पुराने गंगा पुल पर ट्रैफिक बंद होने से कनेक्टिविटी का इकलौता पुल हो गया है। इससे दोनों तरफ का ट्रैफिक शिफ्ट हुआ तो जाम झाड़ी बाबा पड़ाव आरओबी तक लग जाता है। अब सेतु निगम नया गंगा पुल बनवा रहा है, जो कि क्षतिग्रस्त पुराने गंगा पुल से 50 मीटर बगल में है। लेकिन पहले की तरफ ट्रैफिक को रेलवे क्रॉसिंग को पार करना होगा और बिना आरओबी के जाम लगता रहेगा।
रेलवे क्रॉसिंग का सर्वे
रेलवे की टीम ने शुक्लागंज में रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए सर्वे कर रिपोर्ट डीआरएम को दी है और रेलवे के सभी विभागों के साथ संयुक्त सर्वे की सिफारिश की है। सेतु निगम ने भी आरओबी की जरूरत का प्रस्ताव शासन को भेज चुका है।
- एसके सुमन, डीपीएम, यूपी राज्य सेतु निगम, कानपुर


