
कीचड़ से गिरे बाइक सवार को निकाल आग से तपाया फिर भी बच न सकी जान
Kanpur News - कानपुर देहात में एक युवक बाइक के नीचे दब गया, जिसे ग्रामीणों ने कई प्रयासों के बाद बाहर निकाला। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसकी संवेदनशीलता पर चर्चा कर रहे हैं। युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जांच जारी है।
कानपुर देहात। शिवली कोतवाली क्षेत्र के अरशदपुर के पास सड़क किनारे कीचड़ में गिरे बाइक सवार युवक को कई कोशिशों के बाद भी बचाया नहीं जा सका। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। ग्रामीणों की संवेदनशीलता का यह वायरल वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है। अक्सर हादसा होने पर लोग फोटो व वीडियो बनाकर आगे बढ़ जाते हैं। घायल की मदद करना या पुलिस को सूचना देना तक उचित नहीं समझते। इसके ठीक विपरीत भोर पहर अंधेरे में अरशदपुर के पास सड़क किनारे नाले में गिरे रसूलाबाद थाना क्षेत्र के भवानीपुर के बाइक सवार धीरेंद्र को सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो वहां भीड़ जमा हो गई।
बाइक के नीचे दबे युवक के पैर हिलते देखकर ग्रामीणों ने पानी व कीचड़ के बीच उतरकर बाइक हटाने के बाद उसके नीचे दबे धीरेंद्र को बाहर निकाला। इसके बाद उसका मुंह साफ पानी से धोने के बाद पुआल जलाकर उसका शरीर गर्म करने के साथ ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके पास मिले अभिलेखों से उसके घर वालों को सूचना देने के बाद सीएचसी शिवली भेजा। हालांकि वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का ग्रामीणों की संवेदनशीलता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों के बीच यह वीडियो चर्चा का विषय बना है। शिवली कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार भोर पहर हुई इस घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी थी। जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी सीएचसी आ गए थे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम में मृतक के दाहिने पैर, चेहरे और माथे पर चोटें मिली हैं। उसकी मौत की वजह हेड इंजुरी बताया गया है। हादसे की छानबीन हो रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




