
वंदे भारत ट्रेन से युवक कटा, मौत
Kanpur News - कानपुर देहात के झींझक स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 28 वर्षीय जय सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ट्रेन दुर्घटना की वजह से आत्महत्या की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
कानपुर देहात। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर झींझक स्टेशन के पूर्वी छोर पर शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से रसूलाबाद थाना क्षेत्र के सिसाही गांव के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। स्टेशन से भेजी गई सूचना पर जीआरपी ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार सुबह झींझक स्टेशन के पास से निकल रही थी। इसी बीच स्टेशन के पूर्वी छोर पर रसूलाबाद थाना क्षेत्र के सिसाही गांव का रहने वाला 28 वर्षीय जय सिंह पुत्र राम बिलास इस ट्रेन की चपेट में आ गया।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वंदे भारत ट्रेन के चालक ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर झींझक पुष्पेंद्र सिंह को दी। स्टेशन से भेजे गए मेमो पर पहुंचे जीआरपी कर्मियों ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। इधर लोगों से जानकारी मिलने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। पति की मौत से उसकी पत्नी सलोनी बदहवास हो गई, जबकि उसकी मां विजय लक्ष्मी व भाइयों पंकज व अवनीश का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते हुए परिजनों ने कहा कि हादसे में पांच माह के मासूम अनंत के सिर से पिता का साया छिन गया। मौके पर पहुंचे जीआरपी चौकी प्रभारी गोविंदपुरी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने परिजनों से पूछताछ व छानबीन के बाद उसका शव पोसटमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की वजह ट्रेन दुर्घटना या आत्महत्या! झींझक स्टेशन के पास हादसे के शिकार हुए सिसाही के युवक की वंदे भारत एक्सप्रेस से कटने से मौत होने के बाद वहां अटकलों का दौर जारी रहा। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने जहां उसके आत्महत्या करने की संभावना जताई। वहीं घटना के बावत परिजन कुछ भी साफ नहीं कर सके। जीआरपी चौकी प्रभारी गोविंदपुरी ने बताया कि घटना की गहन छानबीन हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




