खड़े पिकअप में डंपर ने मारी टक्कर, युवक की जान गई
मंगलपुर थाना क्षेत्र के मनकापुर पेट्रोल पंप के पास रविवार को एक पिकअप को डंपर ने जोरदार टक्कर मारी, जिसमें एक युवक बलबीर की मौत हो गई। साथी भूरा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बलबीर ने हाल ही में सब्जी का कारोबार शुरू किया था।

मंगलपुर, संवाददाता। मंगलपुर थाना क्षेत्र के मनकापुर पेट्रोल पंप के पास रविवार की सुबह खड़े पिकअप में सामने से डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी जिसमें एक युवक की मौत हो गई वही साथी को इलाज के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया है। चालक डंपर को हवासपुर के पास छोड़कर फरार हो गया। मंगलपुर थाना क्षेत्र के चक्के पुरवा निवासी बत्तीस साल का बलबीर पुत्र जगदीश पहले दिल्ली में सब्जी का काम करते थे। चार-पांच महीने पहले वह गांव आया है। यहां आकर उसने एक छोटा पिकअप खरीदा। पिकअप ज्यादातर खड़ा रहता था। वह कुछ दूरी का भाड़ा ले जाता था। तीन-चार दिन पहले उसी गांव के रहने वाले भूरा उर्फ बलवीर पुत्र सुघर सिंह ने सलाह मशवरा किया और सब्जी लाकर बेचने का काम शुरू किया। शनिवार को दोनों ने पहले दिन बाहर से सब्जी लाकर मंगलपुर में बेची थी। कुछ सब्जी बच गई थी। रविवार की सुबह 4 बजे दोनों लोडर पर सब्जी लेकर झींझक बेचने जा रहे थे। मनकापुर पेट्रोल पंप के कुछ आगे पिकअप को एक तरफ कच्ची जगह में खड़ा करके खराब सब्जी छांट कर फेंक रहे थे। दोनों लोडर के पीछे सब्जी छांट रहे थे, तभी झींझक की तरफ से आ रहे डंपर चालक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं भूरा उर्फ बलवीर ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों को झींझक अस्पताल ले गई जहां डॉक्टर ने चालक व वाहन स्वामी बलवीर को मृत घोषित कर दिया। वही हालत गंभीर होने पर भूरा उर्फ बलवीर को मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। मौत की खबर मिलते ही मां शीला देवी व पत्नी रूबी बदहवास हो गई। वही पिता जगदीश, भाई सर्वेश, नरेश, बृजेश आदि का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू की है。
नये कारोबार के दूसरे ही दिन चली गई जान
पिकअप लाने के बाद बलबीर 50 से 100 किमी. दूरी तक का भाड़ा मिलने पर चला जाता था। अधिक दूर तक नहीं जाता था। गांव के दोस्त से सब्जी कारोबार की बात चली तो दिल्ली में सब्जी का काम करने के कारण वह सहमत हो गया। शनिवार को सिर्फ एक बाजार ही वह नया कारोबार कर सका, दूसरे ही दिन बाजार पहुंचने के पहले उसकी जान चली गई।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


