डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार श्रमिक की मौत
Kanpur News - कानपुर देहात के रसूलाबाद में एक तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से 40 वर्षीय आदित्य राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में कोहराम मच गया है, उनकी पत्नी और मां बेहाल हैं। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

कानपुर देहात। बेला-कानपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर में रसूलाबाद कस्बे में तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार उसरी गांव निवासी श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर एंबुलेंस से उसको सीएचसी भेजा। डॉक्टर ने जांच के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। इससे कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के साथ डीसीएम को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू की है। मित्रसेनपुर गांव के मजरा उसरी गांव निवासी 40 वर्षीय आदित्य राजपूत राजमिस्त्री के साथ ईंट गारा देने का काम करता था। दो दिन पहले वह अपनी चचेरी बहन पिंकी के यहां दिबियापुर औरैया गया था।
शनिवार को वह बाइक से वापस घर आ रहा था। कानपुर- बेला मार्ग पर रसूलाबाद कस्बे में दोपहर के समय तेज रफ्तार डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद डीसीएम को छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देने के बाद उसको एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। यहां मौजूद डॉ. बृजेश कुमार ने जांच के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से भेजी गई सूचना पर एसआई प्रमोद कुमार दीक्षित ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर रसूलाबाद सतीश कुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बद अग्रिम कार्रवाई होगी। इकलौते बेटे की मौत से मां बेहाल, पत्नी बदहवास रसूलाबाद में आदित्य के दुर्घटना में घायल होने की जानकारी मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंचे। वहां उसकी मौत की जानकारी होते ही कोहराम मच गया। पति की मौत से उसकी पत्नी सुमन बदहवास हो गई। जबकि एकलौते बेटे की मौत से उसकी मां राम सिया बेहाल हो गईं। पिता की मौत से उसके पुत्रों दीपक, आयुष, निर्मल व निखिल का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


