
ट्रक से कुचलकर दिव्यांग जनसेवा केंद्र संचालक की मौत
संक्षेप: Kanpur News - कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के गणेशपुर निवासी दिव्यांग जनसेवा केंद्र संचालक सुनील कुमार की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। वह गजनेर चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। चालक मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कानपुर, देहात। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर के रहने वाले दिव्यांग जनसेवा केंद्र संचालक की गुरूवार रात में गजनेर कस्बे में ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों के शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। इसके साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू की है। गणेशपुर घाटमपुर निवासी तीस वर्षीय सुनील कुमार पुत्र अहिबरन नायक बाएं पैर से दिव्यांग था। मौजूदा समय में वह अकबरपुर में जनसेवा केंद्र का संचालन करता था। गुरूवार रात में वह गजनेर चौराहे पर गांव जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहा था।

देर रात वह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक ट्रक लेकर घाटमपुर की ओर फरार हो गया। इधर देर रात तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश श्ुारू की। शुक्रवार सुबह लोगों से गजनेर में एक दिव्यांग युवक की दुर्घटना में मौत होने की जानकारी पर परिजन गजनेर आए। यहां आए उसके पिता अहिबरन व चचेरे भाई अनिल कुमार ने उसकी शिनाख्त कर ली। हादसे में सुनील की मौत की जानकारी पर परिजन वहां पहुंचे तो कोहराम मच गया। बेटे की मौत से उसकी मां भूरी देवी बदहवास हो गई। जबकि भाई विनय कुमार व विपिन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर गजनेर जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




