छुट्टी मनाने लोग घरों से निकले तो लगा जाम
Kanpur News - बुधवार को छुट्टी के दिन शाम होते ही मौसम सुहाना हो गया। लोग घरों से निकले और सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। मालरोड, वीआईपी रोड और अन्य मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। सांसद और एडीजी की...

बुधवार को छुट्टी का दिन तो था ही, शाम होते ही मौसम भी सुहाना हो गया। ऐसे में छुट्टी मनाने लोग घरों से निकले तो सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। मालरोड में नानाराव पार्क चौराहे से सरसैया घाट तक वाहनों की कतार लग गई तो यातायात रेंगता रहा। वीआईपी रोड पर भी जाम की स्थिति बन गई। मूलगंज से परेड, ग्वालटोली, बड़ा चौराहा, लालबंगला, गोविंदनगर, गुमटी, पीरोड में जाम की स्थिति बनी रही। वीआईपी रोड के जाम में सांसद रमेश अवस्थी और मालरोड में एडीजी आलोक सिंह की गाड़ियां भी फंस गईं, जिन्हें यातायात कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद निकाला। बुधवार की शाम लोग परिवार के साथ निकले तो जाम में फंस गए। मालरोड पर चौपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। जल्दी निकलने के चक्कर में वाहन आड़े तिरछे घुसे तो जाम लग गया। जिसके बाद यातायात विभाग के कर्मियों ने स्थिति संभाली। बड़ा चौराहा और मालरोड की ओर से वाहनों का दबाव अधिक होने से रोक रोककर यातायात संचालित किया गया। उधर, वीआईपी रोड पर भी वाहनों का लंबा काफिला देखने को मिला। यहां भी यातायात रेंगकर चल रहा था। मूलगंज से परेड तक लगे जाम से निकलने के लिए वाहन सवार जूझते रहे। इसी तरह ग्वालटोली में भी लोगों को जाम से जूझते हुए निकलना पड़ा। पीरोड, गुमटी, गोविंद नगर में खरीदारों के वाहन और उनकी भीड़ के चलते जाम की स्थिति बन गई जो देर शाम तक सामान्य हो सकी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।