कोहरे के साथ शुरू हुआ दिन,धूप निकलने से मिली राहत
कानपुर देहात। हिन्दुस्तान संवाद जनपद में मौसम बार- बार करवट बदल रहा है।...
कानपुर देहात। हिन्दुस्तान संवाद
जनपद में मौसम बार- बार करवट बदल रहा है। मंगलवार को भी कोहरे के साथ दिन की शुरूआत हुई, लेकिन दिन में तापमान बढ़ने व धूप निकलने से कई दिन से सर्दी से बेहाल लोगों को खासी राहत मिली।
जनपद में पिछले एक सप्ताह से कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ रही थी। सोमवार रात से मौसम ने फिर से करवट बदली। रात में तापमान सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री ऊपर पहुंच गया। इसके बाद भी बफीली हवाएं लोगों को सर्दी का अहसास कराती रहीं। मंगलवार को भी कोहरे के साथ दिन का आगाज हुआ, लेकिन जल्द ही आसमान में सूरज निकलने से कोहरे की धुंध साफ हो गई। धूप निकलते ही कई दिन से सर्दी से परेशान लोग घरों के बाहर आकर धूप का आंनद लेने लगे। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को उनके तीमारदार वार्ड से बाहर ले आए तथा मैदान में लेटकर धूप सेंकते रहे। दिन में भी तापमान सामान्य से ढाई डिग्री ऊपर पहुंच गया। इसके बाद भी ढाई किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली बर्फीली उत्तर पश्चिमी हवाएं राहगीरों को सर्दी का अहसास कराती रहीं।