ट्रांसगंगा सिटी पुल का वर्क ऑर्डर जारी, 36 महीने में बनेगा
कानपुर में गंगा नदी के किनारे 4.2 किमी लंबे फोर लेन पुल का टेंडर पीएनसी इन्फ्राटेक और एसपीएस कंस्ट्रक्शन को मिला है। इस परियोजना का बजट 753.13 करोड़ रुपये है, जिसमें से 460 करोड़ प्रदेश सरकार का योगदान है। पुल का निर्माण तीन वर्ष में पूरा होगा और यह ट्रांसगंगा सिटी को शहर से जोड़ेगा।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। गंगा नदी के किनारे उन्नाव में ट्रांसगंगा सिटी से कानपुर में वीआईपी रोड तक 4.2 किमी लंबे फोर लेन गंगा पुल को बनाने का टेंडर ज्वाइंट वेंचर पीएनसी इन्फ्राटेक और एसपीएस कंस्ट्रक्शन इंडिया को मिला है। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने इसके लिए दोनों को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। टेंडर 571.53 करोड़ का जारी हुआ लेकिन ज्वाइंट वेंचर ने बिना जीएसटी के 559.53 करोड़ में यह ठेका हासिल किया है। लेटर ऑफ एक्सेपटेंस (एलओए) मिलने के एक महीने में इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। इस पुल को 36 महीने में पूरा करना है। यह शहर में गंगा नदी पर बनने वाला छठवां पुल होगा।
प्रदेश सरकार ने मार्च 2026 में 753.13 करोड़ रुपये का बजट इस पुल के लिए मंजूर किया था। इसमें प्रदेश सरकार का 460 करोड़ रुपये और यूपीसीडा का 293 करोड़ रुपये अंश है। सेतु निगम ने 571.53 करोड़ का टेंडर निकाला था, जिसे कम कीमत पर ज्वाइंट वेंचर ने बिना जीएसटी के 559.53 करोड़ में हासिल करने में सफलता पाई है। यूपीसीडा की उन्नाव में ट्रांसगंगा सिटी परियोजना की सफलता में इस पुल की अहम भूमिका होगी। यह फोर लेन पुल ट्रांसगंगा सिटी को शहर से आसान कनेक्टिविटी देगी। इस पुल निर्माण की नोडल एजेंसी सेतु निगम की लखनऊ टीम होगी। सेतु निगम के जीएम केके श्रीवास्तव के मुताबिक पुल निर्माण शुरू कराते ही इसे तीन वर्ष में तैयार कराकर चालू कराया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


