युवक की संदिग्ध हालात में मौत लिव इन प्रेमिका पर मुकदमा
Kanpur News - चकेरी में जनवरी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की मां ने प्रेमिका पर आरोप लगाया कि उसने उसके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया। पुलिस ने प्रारंभ में कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन अब प्रेमिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

चकेरी, संवाददाता। सनिगवां में जनवरी में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव उसी के कमरे में मिला। मृतक की मां ने बेटे के साथ लिव इन में रह रही प्रेमिका पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाकर चकेरी थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मां ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। अब दो माह बाद चकेरी थाने में प्रेमिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज हुआ है। सनिगंवा के चंद्र नगरी निवासी सुशीला देवी के अनुसार उनका बेटा सत्येन्द्र सिंह चौहान उन्हीं के साथ रहता था। करीब डेढ़ साल पहले सत्येन्द्र की पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
जिसके बाद से सत्येन्द्र अकेला रहने लगा। करीब छह माह पूर्व सत्येन्द्र का मोबाइल से उमा सिंह नाम की महिला से संपर्क हुआ। जो पहले से शादी शुदा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उमा ने उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद उससे रुपये ऐंठकर अपने शौक पूरा करने लगी। पीड़िता ने बताया कि उमा बेटे के साथ उन्ही के घर पर रहने लगी। जिसका उन्होंने विरोध भी किया। 18 जनवरी 2026 को उनके बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में कमरे में ही पड़ा मिला। जिस पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। साथ ही उन्होंने उमा पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया था। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया। सुशीला ने बताया कि वह लगातार चौकी और थाने के चक्कर काटती रहीं, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। तब उन्होंने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत की। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तहरीर में प्रेमिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।,
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


