
संदिग्ध परिस्थितियों में पटना के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत
Kanpur News - कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह पटना जाने के लिए निकला था और अपने ममेरे भाई के घर रुका था। रात को खाना खाने के बाद सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
कानपुर, संवाददाता। गुजैनी थाना क्षेत्र में ममेरे भाई के घर पर रुके सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। भाई के एक्सीडेंट की जानकारी पर नोएडा में नौकरी कर रहा सॉफ्टवेयर इंजीनियर पटना स्थित घर जाने के लिए निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बिहार दानापुर ईस्ट खगोल के विजय विहार कालोनी निवासी दीपक सिंह का 23 वर्षीय बेटा सत्यम देव नोएडा की एक कम्पनी में साफ्टवेयर इंजीनियर था। वह नोएडा में अपने तीन दोस्त अमन, सिद्ध, शेखर के साथ रहता था। मंगलवार को बड़ी बहन पूजा ने उसे फोन कर छोटे भाई शिवम के पटना में एक्सीडेंट में घायल होने की जानकारी दी थी।

इसके बाद सत्यम उसी दिन पटना के लिए निकला था। सीधी ट्रेन न होने के कारण वह आनंद बिहार से ट्रेन से बुधवार को कानपुर आया, फिर गुजैनी में रहने वाले ममेरे भाई सुशील के घर रुक गया। ममेरे भाई सुशील ने बताया कि गुरुवार को उसे पटना के लिए कानपुर से निकलना था। बुधवार रात खाना खाने के बाद वह सोने चला गया। गुरुवार की सुबह सत्यम को जगाया गया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। जबकि उसकी नाक से खून निकल रहा था। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




