पैदल जा रही छात्रा से मोबाइल लूट में दो गिरफ्तार
Kanpur News - चकेरी में एक छात्रा कोचिंग से घर लौटते समय बाइक सवार दो लुटेरों द्वारा मोबाइल लूटने का शिकार हुई। पुलिस ने तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक बाइक और लूट के पांच मोबाइल बरामद हुए हैं।

चकेरी। रेलबाजार में कोचिंग पढ़कर पैदल वापस घर लौट रही छात्रा से बाइक सवार दो लुटेरों ने मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक बाइक और लूट के पांच मोबाइल बरामद किये हैं। रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि खपरा मोहाल निवासी इंटर की छात्रा पायल सोनी ने मुकदमा दर्ज कराया था कि 15 मई की दोपहर वह कोचिंग से घर लौट रही थी तभी मरे कंपनी पुल के पास पीछे से आये बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ में झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लिया और भाग निकले।
जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों की तलाश में जुटी थी। शु्क्रवार देर रात पुलिस ने शिवनारायण टंडन सेतु के पास चेकिंग लगाई। उसी दौरान बाइक सवार दो बाइक सवार कैंट अस्पताल की तरफ से आ रहे थे। पुलिस को देख आरोपित भागने लगे। इस पर घेरेबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम रेलबाजार के कच्ची बस्ती मजार के पास के निवासी अच्छे खां और रेलवे कालोनी के सामने के निवासी नीरज कुमार बताया। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वह राह चलते लोगों ने मोबाइल लूटकर सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूट के पांच मोबाइल और बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपितों को जेल भेज दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


