खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज,40 छात्रों से पूछताछ
एचबीटीयू में छात्रों के बीच मारपीट की घटना के बाद जांच जारी है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने 40 से अधिक छात्रों से पूछताछ की है और 23 छात्रों पर सभी आयोजनों में भाग लेने पर बैन लगा दिया है। जांच रिपोर्ट तीन दिन में कुलपति के सामने पेश की जाएगी।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। एचबीटीयू में मारपीट को लेकर छात्रों से पूछताछ का सिलसिला जारी है। विवि की प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम 40 से अधिक छात्रों से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, विवि में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल मारपीट में चिह्नित 23 छात्रों पर विवि प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले सभी आयोजनों में प्रतिभाग पर बैन लगा दिया गया है। विवि के कुलपति प्रो. समशेर ने कहा कि जांच में दोषी मिले छात्रों पर एक सेमेस्टर के निलंबन या जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी। एचबीटीयू में वार्षिकोत्सव अध्याय-26 चल रहा है। रविवार देर रात मामूली कहासुनी को लेकर सीनियर-जूनियर छात्रों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई।
करीब दो घंटे तक छात्रों में टकराव की स्थिति बनी रही। कभी गुरुदेव चौराहे पर मारपीट हुई तो कभी हॉस्टल तो कभी वेस्ट कैम्पस में। जानकारी मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है। बोर्ड ने अंतिम वर्ष के 13 छात्र, द्वितीय वर्ष के सात छात्र और तृतीय वर्ष के तीन छात्रों को प्रथमदृष्ट्या चिह्नित किया है। विवि के डीएसडब्ल्यू व चीफ प्रॉक्टर डॉ. सीएल गहलोत ने बताया कि छात्रों में मारपीट के मामले की जांच चल रही है। लगातार छात्रों से पूछताछ की जा रही है। चिह्नित किए गए छात्रों से भी पूछताछ हो रही है। वहीं, छात्रावास और कैम्पस में लगे कैमरों से भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तीन दिन में जांच रिपोर्ट तैयार कर कुलपति के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


