चाय विक्रेता युवती की डंपर से कुचनकर मौत
कानपुर देहात के अकबरपुर कस्बे में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने चाय बेचने वाली युवती अंजू देवी को टक्कर मार दी। गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। चालक मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। परिवार में कोहराम मच गया।
कानपुर देहात, संवाददाता। अकबरपुर कस्बे में माती रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर चाय बेचने वाली एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसको गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अकबरपुर ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसको मृत घेषित कर दिया। इससे कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ फरार डंपर चालक की तलाश शुरू की है।रूरा थाना क्षेत्र के तिगाई गांव की 45 वर्षीय अंजू देवी पत्नी विमलेश कुमार मौजूदा समय में माती रोड अकबरपुर में मेडिकल कालेज के सामने चाय व कोल्ड ड्रिक की दुकान किए थी।
सोमवार सुबह माती रोड से निकलते समय अकबरपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसको टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर दूर जा गिरी। दुर्घटना के बाद डंपर छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में तत्काल गंभीर घायल अंजू को मेडिकल कालेज अकबरपुर ले जाया गया। वहां उसको मृत घोषित कर दिया। पुत्री की मौत से उसकी मां गीता देवी बदहवास हो गईं। जबकि भाई धर्मेंद्र व परिजन बिलख उठे। अकबरपुर कोतवाली से एसआई अभिषेक सिंह ने प्राथमिक छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।


