प्रयागराज से मुंबई और गुजरात के लिए स्पेशल ट्रेनों का तोहफा
गर्मियों की छुट्टियों को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज से मुंबई और गुजरात के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया है। कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन पर भी ठहराव होगा। इसमें सूबेदारगंज-वलसाड और सूबेदारगंज-दादर के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनें शामिल हैं।

कानपुर। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज से मुंबई और गुजरात के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। सूबेदारगंज-वलसाड और सूबेदारगंज-दादर के बीच चलने वाली साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेनों का ठहराव कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन पर भी होगा, जिससे कानपुर और आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04177/04178 सूबेदारगंज-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 16 जून से 15 जुलाई तक पांच फेरों के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन प्रत्येक मंगलवार सुबह 5 बजे सूबेदारगंज से चलकर सुबह 8:05 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी और 8:10 बजे रवाना होगी।
वापसी में वलसाड से चलकर ट्रेन दोपहर 2 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी और 2:05 बजे प्रयागराज के लिए रवाना होगी। ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और एसी थर्ड के कुल 19 कोच लगाए जाएंगे।वहीं गाड़ी संख्या 04175/04176 सूबेदारगंज-दादर सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 जून से 14 जुलाई तक चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार शाम 4:10 बजे सूबेदारगंज से चलकर शाम 7:25 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी और 7:30 बजे रवाना होगी। वापसी में दादर से आने वाली ट्रेन रात 1:45 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी और 1:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। वहीं, रेलवे ने प्रयागराज-दादरी विशेष ट्रेन 02417/02418 में भी यात्रियों की भीड़ को देखते हुए एक अतिरिक्त स्लीपर कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 15 जून से लागू होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


