एसपी ने रात में तीन थानों का किया निरीक्षण, परखी हकीकत
Kanpur News - कानपुर देहात में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने सिकंदरा, मंगलपुर और डेरापुर थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने रात्रिकालीन अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के कार्यप्रणाली और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
कानपुर देहात, संवाददाता। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने व रात में होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए दिए गए निर्देशों की हकीकत परखने के लिए बुधवार रात में एसपी ने सिकंदरा, मंगलपुर और डेरापुर थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव व रात्रि ड्यूटी की हकीकत परखने के साथ पिकेट ड्यूटी व रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के साथ सतर्कता के निर्देश दिए। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बुधवार रात में सिकंदरा, मंगलपुर व डेरापुर थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय, जनरल डायरी, ड्यूटी रजिस्टर, मालखाना और सीसीटीएनएस कार्यालय के अभिलेखों का निरीक्षण कर समयबद्ध और शुद्ध प्रविष्टियों के निर्देश दिए, साथ ही सीसीटीएनएस प्रणाली के सुचारु संचालन और लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
इसके साथ ही थानों के मिशन शक्ति केंद्रों में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और निस्तारण की स्थिति को देखने के बाद महिलाओं से जुड़ी प्रत्येक शिकायत पर त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने, शीतकालीन मौसम को देखते हुए चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी और अन्य रात्रिकालीन अपराधों की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद रात्रिकालीन ड्यूटियों को चेक कर उन्होंने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, पिकेट ड्यूटी मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने और किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


