शिव मंदिर परिसर में आयोजित हुई धनुषभंग लीला

Mar 06, 2026 11:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share

Kanpur News - आजाद नगर स्थित श्री महाकालेश्वर शिव मंदिर परिसर में रामलीला समिति द्वारा शिव परिणय उमा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीता स्वयंवर और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन किया गया। धनुषभंग होते ही श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। अंत में सीता ने श्रीराम का वरण किया और परशुराम जी का आगमन हुआ।

शिव मंदिर परिसर में आयोजित हुई धनुषभंग लीला

कस्बे के आजाद नगर स्थित श्री महाकालेश्वर शिव मंदिर परिसर में शिव परिणय उमा समारोह रामलीला समिति की ओर से बीती रात रामलीला कलाकारों ने सीता स्वयंवर,लक्ष्मण-परशुराम संवाद लीला का मंचन किया। इस अवसर पर धनुषभंग होते ही कार्यक्रम स्थल श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। समिति अध्यक्ष विकल्प तिवारी ने भगवान श्रीराम व लक्ष्मण जी की आरती उतारने के बाद धनुष यज्ञ लीला का शुभारंभ कराया। लीला में राजा जनक द्वारा सीता स्वयंवर का प्रण ठाना गया और शर्त रखी गई की जो भी अजगव का खंडन करेगा उसके साथ सीता का स्वयंवर होगा। इसमें देश देशांतर से रावण बाणासुर सहित अनेकों राजा पहुंचे।

लेकिन धनुष को तिल भर हिला नहीं सके। इससे राजा जनक विचलित हो उठे और सभा मध्य बैठे वीर राजाओं को अपमानित करते हुए हुए सभा भंग करने की बात कही। इसे सुनकर क्रोध से भरे लक्ष्मण ने राजा जनक को धिक्कारा। इस दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने लक्ष्मण को समझा बुझाकर शांत कराया और गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर धनुष को तोड़ दिया। धुनष भंग होते ही मिथिला में ढोल मृदंग शहनाइयां बजने लगी,सीता ने श्री राम के गले में जयमाला डालकर उनका वरण कर लिया। धनुष टूटने की टंकार सुनकर भार्गव परशुराम का आगमन हुआ और उनसे राजा जनक व प्रभु श्रीराम से नोक झोंक होने के बाद लक्ष्मण जी का काफी देर तक जमकर संवाद हुआ। लक्ष्मण जी द्वारा बहु धनुहीं तोरी लरिकाई कहने पर परशुराम जी ने रे नृप बालक कालवश बोलत तोहिं न संभारि, धुनुही सम त्रिपुरारि धनु विदित सकल संसार कहकर क्रोधित हो उठे। यह सब देख प्रभु श्रीराम ने अनुनय विनय कर परशुराम जी का क्रोध शांत कराया। कार्यक्रम में लक्ष्मण परशुराम संवाद सुनने के लिए सुबह देर तक दर्शकों की भीड़ जमी रही। इस मौके पर कार्यक्रम आयोजक वतनराज अग्निहोत्री,बालेश तिवारी,दीपू पांडेय,साहुल दीक्षित, हरीओम शुक्ल, सौरभ सोनी, अमर तिवारी, संतोष दीक्षित, अनिल, सौरभ द्विवेदी रमा शंकर मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।