आज से दिन भर नजर आएंगे धूल के गुबार
Kanpur News - कानपुर में रविवार से तेज सर्फेस विंड चलेंगी, जिनकी रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तक रहेगी। धूल के गुबार दिनभर नजर आएंगे। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव होगा। होली के दौरान मौसम सामान्य रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

कानपुर, वरिष्ठ संवाददाता। रविवार से उत्तर प्रदेश विशेषकर कानपुर में तेज सर्फेस विंड (भूतल पवन या सतही हवा) चलेंगी। इनकी रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तक रहेगी। इससे धूल के गुबार दिन भर नजर आएंगे। इसके लिए चार मार्च तक अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 72 घंटों में दो से तीन डिग्री का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। अधिकतम तापमान 31.2 से 31.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई है।
न्यूनतम तापमान 12.2 से 13.2 डिग्री सेल्सियस हो गया, लेकिन यह अभी भी सामान्य से कम है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने होली के दौरान मौसम की जानकारी दी है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि थोड़ा तापमान बढ़ेगा, लेकिन मौसम खुशगवार रहेगा। पश्चिमी भारत में 03-04 और पूर्वी भारत में 02-03 डिग्री सेल्सियस तापमान में वृद्धि हो सकती है। नया विक्षोभ 07 या 08 मार्च को आने की संभावना है। फिलहाल इसके प्रभाव का पूर्वानुमान नहीं जताया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पहली से चार मार्च तक तेज सर्फेस विंड चलेंगी। इनकी दिन के समय गति अधिक रहती है। रात में भी तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी अधिकतम गति 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। इससे धूल के गुबार काफी उठते हैं। इसे अंधड़ भी कहा जाता है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल आसमान साफ रहेगा। हल्के ऊंचे बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। होली में मौसम सामान्य रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान पर एक नजर फरवरी अधिकतम न्यूनतम 22 29.5 11.6 23 29.6 11.8 24 29.8 12.8 25 30.5 12.7 26 29.3 12.0 27 31.2 12.2 28 31.3 13.2
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


