कानपुर में तेज आंधी संग बारिश ले आई तबाही, कई जगह पेड़ और पोल गिरे
Apr 04, 2026 06:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
Kanpur News - कानपुर में शनिवार को तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। दो दर्जन से अधिक पेड़ और पोल गिर गए, जिससे कई सड़कें बाधित हुईं। जवाहर नगर में पीपल का पेड़ गिरने से दुर्गा माता मंदिर ध्वस्त हो गया। कई गाड़ियों को नुकसान हुआ और ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
कानपुर, मुख्य संवाददाता। शहर समेत ग्रामीण इलाकों में शनिवार को तेज आंधी संग बारिश भारी तबाही लेकर आई। जहां मुख्य मार्गों पर दो दर्जन से ज्यादा विशालकाय पेड़ और पोल गिर गए वहीं जवाहर नगर में पीपल का पेड़ गिरने से दुर्गा माता मंदिर ध्वस्त हो गया। मूर्तियां भी खंडित हो गईं। सिर्फ एक दीवार ही बची रह गई। वहीं मंदिर के पास आधा दर्जन दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। रोड के किनारे खड़े वाहन पेड़ के नीचे दब गए। इससे अफरा तफरी मच गई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आंधी की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।
शहर में पुलिस आयुक्त कैंप कार्यालय के पास एक पेड़ गिरने से रोड पर खड़ी कार दब गई। बर्रा दो में दुर्गा पूजा पार्क के पास पोल बीच से गिरकर टूट गया। इससे आवागमन बाधित रहा। पोल से ऑटो भी दब गया। गोविंद नगर एफ ब्लॉक कृष्णा पार्क के पास पेड़ गिरने से कई गाड़ियां दब गईं। पनकी में फील्ड गन फैक्ट्री के पास पेड़ गिरने से भारी नुकसान हुआ। कई गाड़ियां इसके नीचे दब गईं। ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया। अर्मापुर-कालपी रोड पर पेड़ गिरने से भीषण जाम लग गया। वहीं कई इलाकों की बिजली भी गुल हो गई है।
ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित
पनकी और गोविंदपुरी में पेड़ गिरने से दिल्ली रूट की एक लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। शताब्दी समेत कई ट्रेनों को साउथ की लाइनों से निकाला गया। मौके पर पेड़ उठाने और बाधित लाइन को साफ करने के लिए कानपुर सेंट्रल से टॉवर वैगन को रवाना किया गया।
कई इलाकों में ओलावृष्टि, फसलों को भारी नुकसान
कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। ग्रामीण इलाकों में फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। राई, गेहूं, आलू, उड़द और मूंग की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। कानपुर के कटरी इलाके में तरबूज और खरबूज के साथ ही ककड़ी की फसलें भी तबाह हो गईं हैं। आंधी के साथ बारिश से शहर के कई मार्गों का यातायात भी अवरुद्ध रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


