UP Weather: सर्दी का सितम जारी! बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, लुढ़का पारा, जानिए कब मिलेगी राहत

Jan 09, 2026 03:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share Share
Follow Us on

Kanpur News - उत्तर पश्चिमी बर्फीली हवाओं की चपेट में आया यूपी सर्दी से निढाल हो गया है। गुरुवार को धूप भी राहत नहीं दे सकी। दिन-रात के तापमान में कमी के साथ बर्फीली हवा ने लोगों को बेसुध-सा कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सर्दी से कोई राहत की संभावना नहीं है।

UP Weather: सर्दी का सितम जारी! बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, लुढ़का पारा, जानिए कब मिलेगी राहत

उत्तर पश्चिमी बर्फीली हवाओं की चपेट में आया यूपी सर्दी से निढाल हो गया है। गुरुवार को धूप भी राहत नहीं दे सकी। दिन-रात के तापमान में कमी के साथ बर्फीली हवा ने लोगों को बेसुध सा कर दिया। अभी ठिठके पश्चिमी विक्षोभ पूरी जनवरी सितम ढाते रहेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सर्दी से कोई राहत की संभावना नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिमी भारत की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में उत्तर पश्चिमी हवाओं के बीच उत्तर पूर्वी हवाएं भी दखल देने लगी हैं। यह बात दीगर है कि उत्तर पूर्वी हवाएं बेहद कम समय चल रही हैं लेकिन इस कारण बीच-बीच हल्के बादल आ जा रहे हैं जो रात के तापमान को अचानक बढ़ा देते हैं।

दिन के तापमान में लगातार कमी बनी हुई है। जब तक बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र रंग नहीं दिखाता है तब तक पूरे उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप इसी तरह बना रहेगा। गुरुवार को कानपुर में रात के तापमान में 3.8 डिग्री की कमी आई। पारा 9.4 से गिरकर 5.6 डिग्री सेल्सियस हो गया जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। प्रदेश भर में रात के तापमान में तेजी से कमी आई। प्रदेश में सबसे सर्द रात मथुरा-वृंदावन की रही। यहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वाराणसी और गोरखपुर का न्यूनतम पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बरेली, आजमगढ़, अलीगढ़ और सीतापुर में न्यूनतम पारा 5.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

रात के तापमान में अभी और कमी की संभावना जताई जा रही है। कानपुर में दिन का तापमान पांच जनवरी से लगातार धीरे-धीरे गिर रहा है। गुरुवार को धूप खिलने के बावजूद तापमान में कमी आई। अधिकतम पारा 16.3 से घटकर 15.4 डिग्री सेल्सियस आ गया। तापमान में कमी की बड़ी वजह बर्फीली हवाएं रहीं। हवा की रफ्तार ने धूप को भी ठंडा कर दिया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के अंदर कोहरे के ट्रेंड में बदलाव आ सकता है। अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरा अधिक रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में थोड़ी कमी आएगी। यह बदलाव 09 से 11 जनवरी तक दिख सकता है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का अन्य मॉडलों के आधार पर कहना है कि कोहरा अभी बना रहेगा। हल्के से मध्यम कोहरा रह सकता है।

ठिठके विक्षोभ जनवरी भर सर्दी का सितम ढहाते रहेंगे। दिसंबर के मुकाबले जनवरी में पश्चिमी विक्षोभों की संख्या कम रही है। अभी कई अन्य पश्चिमी विक्षोभ आने हैं। यह जनवरी में देर से संभावित हैं। अभी पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान की छोर से कई विक्षोभ संभावित हैं जो फिर सर्दी को बढ़ा देंगे। जनवरी में पश्चिमी छोर से अब तक केवल दो विक्षोभ आए हैं। माना जा रहा है कि 11 जनवरी के बाद सर्दी का एक और दौर शुरू हो जाएगा। इस सीजन पीक पर भले न पहुंचे लेकिन पूरी जनवरी अच्छी सर्दी बनी रहेगी।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम कृषि अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि शीतलहर से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी। सुबह और शाम घना कोहरा बना रहेगा। तेज बर्फीली हवाएं चलती रहेंगी। इस कारण गलन व ठिठुरन भरी सर्दी रहेगी, अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;