
सर्दी बन रही जानलेवा, दो और बुजुर्ग महिलाओं की गई जान, बढ़ रहा हार्ट अटैक का खतरा
Kanpur News - कानपुर देहात में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर से गंभीर स्थिति बन गई है। सर्दीजनित बीमारियों के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। दो बुजुर्ग महिलाओं की सर्दी लगने से मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या ग्यारह हो गई है।
जिले में हो रही कड़ाके की सर्दी व शीतलहर कहर बरपा रही है। सर्दीजनित बीमारियों की चपेट में आकर बड़ी संख्या में मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। वहीं सर्दी लगने व सीने में दर्द से लोग लगातार दम तोड़ रहे हैं। सोमवार रहनियांपुर अकबरपुर व विकास नगर रसूलाबाद की रहने वाली दो बुजुर्ग महिलाओं की सर्दी लगने से जन चली गई। इनके सहित सर्दी व सीने में दर्द से मरने वालों की संख्या बढ़कर ग्यारह हो गई है।
जनपद में सर्द मौसम में हार्टअटैक के साथ ब्रेनस्ट्रोक का भी खतरा बढ़ रहा है। वहीं कड़ाके की सर्दी व शीतलहर स्वांस व हार्ट के मरीजों की सेहत पर भारी पड़ रही है। सर्दी की अनदेखी बुजुर्गों के साथ ही सुबह सैर पर जाने वालों व रात में खेतों पर सिंचाई करने या फिर मवेशियों से फसलों की रखवाली के लिए जाने वाले किसानों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। सर्दी लगने व सीने में दर्द से लगातार लोग दम तोड़ रहे हैं।
सोमवार सुबह रहनियांपुर अकबरपुर की रहने वाली पैंसठ साल की उर्मिला पत्नी सोबरन अवस्थी की सर्दी लगने से हालत बिगड़ गई। उनको परिजन गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अकबरपुर लाए। यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. आरके गौतम ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसकेे बाद परिजन शव लेकर वापस चले गए। उनके पुत्र गोपाल ने सर्दी लगने से मां की मृत्यु होने की संभावना जताई। इसी तरह विकास नगर रसूलाबाद की पैंसठ साल की नन्ही पत्नी महीब अली की सर्दी लगने से हालत गंभीर होने पर परिजन सीएचसी रसूलाबाद ले गए। वहां मौजूद डॉ. सौरभ शाक्य ने जांच के बाद उनको मृत घेाषित कर दिया। उनके नाती अता वारिस ने बताया कि सर्दी लगने से दादी की जान चली गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




