बाइक की टक्कर से बकरी व्यापारी की मौत
कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे में तेज रफ्तार बाइकों की टक्कर में 50 वर्षीय बकरी कारोबारी दिलीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी पुखरायां और फिर मेडिकल कॉलेज अकबरपुर भेजा गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

कानपुर देहात। पुखरायां कस्बे में बुधवार रात तेज रफ्तार दो बाइकों की टक्कर में हलधरपुर गांव निवासी एक बकरी कारोबारी गंभीर रूप घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको सीएचसी पुखरायां भेजा। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसको मेडिकल कालेज अकबरपुर रेफर कर दिया गया। यहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। हलधरपुर गांव निवासी 50 वर्षीय दिलीप कुमार बकरी कारोबारी थे। बुधवार शाम को वह किसी काम से बाइक से पुखरायां आए थे। देर रात पटेल चौक के पास दूसरी बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की जानकारी देकर उन्हें सीएचसी पुखरायां भेजा।
वहां से प्राथामिक उपचार के बाद उनको मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अकबरपुर लाए। यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। इससे अस्पताल में कोहराम मच गया। पति की मौत से उनकी पत्नी सरोज देवी बदहवास हो गईं, जबकि पुत्र कुनाल, ओम व कृष्णा के अलावा पुत्रियों नैनसी, पारुल, प्रियांशी व उमंग का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मेडिकल कालेज से भेजे गए मेमो पर पुखरायां चैकी प्रभारी अमरेंद्र प्रताप सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भोगनीपुर कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


