
यमुना में एसडीआरएफ टीम की तलाश रही बेनतीजा
Kanpur News - बुधेडा डेरा के 17 वर्षीय किशोर अर्पित की अमराहट में स्नान करने के बाद लापता होने के मामले में एसडीआरएफ ने दूसरी दिन भी उसकी तलाश की। पुलिस ने उसके कपड़े और जूते यमुना किनारे मिले, जिससे डूबने की आशंका जताई गई। परिजन निराश हैं और उसकी मां आंसू बहा रही हैं।
अमराहट में दोस्तों के साथ स्नान करने गए बुधेडा डेरा किशोर का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग सका। एसडीआरएफ ने गुरूवार को पूरे दिन यमुना में उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन शाम तक कार्रवाई बेनतीजा रही। इससे उसके परिजन खासे निराश दिखे। बुधेड़ा डेरा गांव निवासी विनोद कटियार का सत्रह साल का पुत्र अर्पित अपने दोस्तों राधेश्याम व प्रांशू के साथ अमराहट में कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना स्नान करने व किलाघाट पर लगने वाले मेले में घूमने गया था। वहां स्नान करने के बाद उसके साथी मेला देखने चले गए। इसके बाद अर्पित लापता हो गया था। तलाश के दौरान उसके कपड़े व जूते यमुना नदी किनारे पड़े मिले थे।
इस पर उसके यमुना में डूबने की संभावना पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरूवार को एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया, टीम के प्रयास के बाद भी लापता अर्पित का पता नहीं लग सका। दूसरे दिन भी लापता बेटे का पता नहीं चलने से उसकी मां उमा देवी आंसू बहाती रहीं। जबकि परिजन खासे निराश दिखे। एसओ अमराहट राहुल कुमार ने बताया कि दूसरे दिन की खोजबीन के बाद भी अर्पित का पता नहीं चल सका है। लापता किशोर की तलाश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




