इरफान पर मारपीट व धमकी में एफआईआर, गनर सस्पेंड
कानपुर में पूर्व सपा विधायक हाजी इरफान सोलंकी पर मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। विधायक नसीम सोलंकी के गनर को सुरक्षा में लापरवाही के चलते सस्पेंड किया गया है। हलीम कालेज ग्राउंड पर बकरा खरीद में वसूली की शिकायत पर विधायक और गनर ने विरोध किया, जिसके बाद मामला बिगड़ गया।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। पूर्व सपा विधायक हाजी इरफान सोलंकी पर बुधवार को चमनगंज थाने में मारपीट, धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, सपा विधायक नसीम सोलंकी के गनर की तहरीर पर इरफान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले तीन नामजद समेत 23 लोगों पर केस हुआ है। विधायक नसीम सोलंकी पति इरफान के साथ मंगलवार की देर रात हलीम कालेज ग्राउंड में बकरा खरीद में हो रही वसूली की शिकायत पर पहुंची थीं। इस मामले में विधायक की सुरक्षा में लापरवाही के चलते पुलिस आयुक्त के आदेश पर गनर को सस्पेंड कर दिया गया है। हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज में बकरीद पर बकरा खरीद को लेकर बाजार लगती है। पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने बताया कि यहां आने वाले ग्राहकों और पशु कारोबारियों से वसूली की लगातार शिकायत मिल रही थी। इस पर वह पत्नी विधायक नसीम सोलंकी के साथ देर रात वहां पहुंचे थे। लोगों की शिकायत पर वसूली का विरोध किया तो पशु मेला मंडी संचालक वफा अब्बास और उसके साथी भड़क गए और सभी हमलावर हो गए। विधायक के गनर अजीम अहमद से मारपीट शुरू कर दी और उनकी वर्दी फाड़ दी। गनर अजीम अहमद की तहरीर पर चमनगंज पुलिस ने वफा अब्बास, फहद, इमरान समेत 15 से 20 अज्ञात लोगों पर बलवा, शांतिभंग, मारपीट, लोक सेवक पर बल प्रयोग आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरी ओर वफा अब्बास की ओर से दी गई तहरीर पर भी चमनगंज पुलिस ने पूर्व विधायक इरफान सोलंकी व अज्ञात के खिलाफ मारपीट, शांतिभंग व धमकी में केस दर्ज किया है। आरोप है कि इरफान और उनके साथियों ने बुलाया और मारपीट करने लगे。
सपा विधायक का गनर सस्पेंड
सपा विधायक के गनर अजीम अहमद को पुलिस आयुक्त के आदेश पर सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि उसने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं किया। लापरवाही से ड्यूटी करते हुए भीड़ में पहुंच गया जबकि उस पर विधायक की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी। ड्यूटी में लापरवाही के चलते गनर को सस्पेंड किया गया है।
कई थानों का लगा रहा फोर्स
हलीम मुस्लिम कॉलेज में देर रात हुए इस हंगामे के बाद चमनगंज थाने समेत आसपास के कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। विवाद की आशंका को देखते हुए हलीम कालेज में दूसरे दिन भी पिकेट तैनात रही।
कोट-
दोनों पक्षों से आयी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में विधायक के गनर अजीम अहमद को ड्यूटी और विधायक की सुरक्षा में लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया है। मामलों की जांच कराई जा रही है। - रघुबीर लाल, पुलिस आयुक्त
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


