
आईआईटी स्टार्टअप के उत्पाद का पहला खरीदार होगा सेल
Kanpur News - कानपुर, प्रमुख संवाददाता। आईआईटी कानपुर के जो स्टार्टअप इस्पात क्षेत्र में काम कर रहे...
कानपुर, प्रमुख संवाददाता। आईआईटी कानपुर के जो स्टार्टअप इस्पात क्षेत्र में काम कर रहे हैं, उनके उत्पाद व तकनीक का पहला खरीदार सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया) होगा। इसको लेकर आईआईटी कानपुर और सेल के बीच समझौता हुआ। इसमें आईआईटी के वैज्ञानिक व स्टार्टअप्स की टीम मिलकर इस्पात उद्योग की चुनौतियों का समाधान भी करेगी। इस दौरान इस्पात मंत्रालय के सचिव नागेंद्रनाथ सिन्हा भी मौजूद रहे।
संस्थान के रिसर्च एंड डेवलपमेंट डीन प्रो. तरुण गुप्ता और सेल के आयरन एंड स्टील रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर के कार्यकारी निदेशक संदीप कुमार कर ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। आईआईटी निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा, संस्थान इस्पात मंत्रालय की मदद से एक सेक्शन-8 कंपनी का गठन करेगा। इसके माध्यम से इस्पात उद्योग में तकनीकी नवाचार के लिए अनुसंधान एवं विकास को लेकर वैज्ञानिकों की टीम काम करेगी। इस समझौते से इस्पात उद्योग तकनीकी की मदद से विभिन्न चुनौतियों का समाधान कर सकेंगे।
इस्पात मंत्रालय के सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा ने स्टील डीकार्बोनाइजेशन, डीआरआई उत्पादन में हाइड्रोजन का उपयोग, अपशिष्ट उपयोग, लीन अयस्क के खनिज लाभकारीकरण और थोक सामग्री की आवाजाही आदि से संबंधित तकनीकी चुनौतियों का समाधान करने की बात कही। सेल के अध्यक्ष अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि सबसे पहले उन परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करें जो कम समय सीमा में शुरुआती परिणाम दें। कहा, इस्पात से जुड़े उत्पाद को सेल पहले खरीदेगा। संदीप कुमार कर और प्रो. तरुण गुप्ता ने कहा कि जल्द विशिष्ट परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
इस मौके पर संस्थान के उप निदेशक प्रो. ब्रज भूषण, डीन एकेडमिक प्रो. शलभ, मटेरियल साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रमुख प्रो. कांतेश बलानी, केमिकल इंजीनियरिंग के प्रमुख प्रो.जयंत सिंह मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




