
अलमारी का लॉक तोड़ चोर समेट ले गए आभूषण व नगदी
Kanpur News - कानपुर देहात के महमूदपुर खुर्द गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चुरा ली। घटना के समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। सुबह जब परिवार को चोरी का पता चला, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर खुर्द गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने चांदी के आभूषण व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिजन सोते रहे और उनको चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह जानकारी होने पर गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गांव पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के साथ संदिग्ध चोरों की तलाश शुरू कर दी है। महमूदपुर खुर्द गांव के रहने वाले गुफरान खेती किसानी करते हैं। शुक्रवार रात वह खाना खाने के बाद घर के बाहर वाले कमरे में आकर लेट गए, जबकि उनकी पत्नी व बच्चे घर के अंदर दूसरे कमरे में लेटे थे।
रात में चोर घर में घुसकर एक अन्य कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, दस हजार रुपये नगद व कीमती सामान समेट ले गए। वारदात के साथ परिजन सोते रहे और उनको इसकी भनक तक नहीं लगी। शनिवार सुबह सामान बिखरा होने पर घटना की जानकारी हुई। गृहस्वामी ने घटना की सूचना कांधी चौकी में दी। इसके बाद गांव पहुंची पुलिस ने घटना की छनबीन करने के साथ परिजनों से पूछताछ की। इंस्पेक्टर डेरापुर संजेश कुमार सिंह ने बताया कि महमूदपुर में हुई चोरी की सूचना पर छानबीन व संदिग्ध चोरों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




