Kanpur News: नहीं थम रही बीमारी, पेट दर्द से एक और युवक की गई जान
Kanpur News: कानपुर देहात में बुखार, उल्टी और पेटदर्द का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में एक युवक की पेट दर्द के चलते मृत्यु हो गई है, जिससे मृतकों की संख्या आठ हो गई है। मौसम के बदलाव से बीमारियों का कहर बढ़ रहा है, और सरकार की स्वास्थ्य सेवाएं अपर्याप्त हैं।

Kanpur News: कानपुर देहात। जिले में बेकाबू हो रहे बुखार के साथ उल्टी, पेटदर्द व त्वचा रोग का प्रकोप बढ़ रहा है। बीमारी से हो रही मौतों के बाद भी स्वास्थ्य महकमा पुराने ढर्रे पर चल रहा है। नहोली गजनेर के एक युवक की शनिवार को अचानक पेट दर्द से हालत बिगड़ गई। मेडिकल कालेज अकबरपुर में मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इनके सहित चालीस दिन में पेट दर्द, उल्टी दस्त व बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
जिले में मौसम के बार-बार करवट बदलने से बीमारी कहर बरपा रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज सरकारी व निजी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। इधर बेकाबू हो रहे बुखार के साथ पेट दर्द, मलेरिया व डेंगू के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। जांच में डेंगू के तीन केस मिलने की पुष्टि के बाद भी जिम्मेदार गंभीर नहीं दिख रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों की भीड़ के कारण मरीज निजी अस्पतालों व झोलाछापों से उपचार कराने को विवश हो रहे हैं। गजनेर थाना क्षेत्र के नहोली गांव के रहने वाले 35 साल के हरिओम तिवारी शनिवार को जिगनिश डेरापुर में रहने वाली बहन शोभा के यहां गए थे। वहां अचानक पेट दर्द से उनकी हालत बिगड़ गई। गांव में उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उनको गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अकबरपुर लाए। यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। इससे कोहराम मच गया। पति की मौत से उनकी पत्नी रीतू बदहवास हो गईं। भाई अजय कुमार ने बताया कि उनके तीन माह की एक बच्ची है। सूचना पर पहुंची गजनेर पुलिस ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा। एसओ गजनेर सनत कुमार ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में पेट दर्द से युवक की मौत होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।


