
कौशल विकास प्रशिक्षण की आड़ में धर्म परिवर्तन का खेल, चार पर एफआईआर
Kanpur News - कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में कौशल विकास प्रशिक्षण के बहाने धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि ये लोग लोगों को पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन करा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बाढापुर के पास कौशल विकास प्रशिक्षण की आड़ में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। निबौली गांव निवासी बुजुर्ग रामभरोसे ने अकबरपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बाढापुर के पास कौशल विकास प्रशिक्षण की आड़ में धर्म परिवर्तन का खेल चल रहा है। नवाकांती सोसाइटी के मैनेजर डेनियल शरद सिंह निवासी झांसी व हरिओम त्यागी के अलावा प्रधानाचार्य सावित्री शर्मा पत्नी अशोक शर्मा निवासी नेहरूनगर अकबरपुर व एक अन्य व्यक्ति कौशल विकास प्रशिक्षण का झांसा देकर पहले लोगों को जोड़ते हैं।
उसके बाद उनको पैसों का लालच देकर धर्म परिर्वतन कराते हैं। अब तक डुडौली डेरापुर के राम कृष्ण और रामऔतार, अनंतापुर मूसानगर के रामपाल सहित कई लोगों को ये धर्म परिवर्तन करा चुके हैं। इन लोगों को छह से दस हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। अब ये अन्य लोगों को दो सौ रुपये का झांसा देकर प्रार्थना सभा में लाते हैं। यहां इन्हें पैसे व अन्य सुविधाओं का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार किया जाता है। इस दौरान बाहर के कुछ लोग भी आते हैं। अकबरपुर कोतवाल हररमीत सिंह ने बताया कि नवकांती सोसाइटी के मैनेजर डेनियल शरद सिंह, हरिओम त्यागी व प्रधानाचार्य सावित्री शर्मा व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र कुमार की अगुवाई में टीम आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




