कालका मेल में युवक से मिले 38.20 लाख रुपये, नहीं दे पाया सुबूत
- फतेहपुर के युवक ने बताया ये रुपये उसके किराना व्यापारी मालिक के

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। रेलवे सुरक्षा बल ने सोमवार को हावड़ा से कालका जा रही कालका मेल में फतेहपुर के युवक के बैग की जांच की तो उसमें 38.20 लाख रुपये मिले। वह रुपये के बारे में कोई सबूत नहीं दे सका। इस पर आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार ने आयकर विभाग को सूचना दे दी। आयकर विभाग की जांच विंग की टीम देर शाम सेंट्रल पहुंची और उससे बंद कमरे में पौने घंटे तक पूछताछ की। मनीष ने आयकर अधिकारियों को बताया कि यह पैसा उसका नहीं बल्कि एक व्यापारी का है। वह तो उनके यहां काम करता है। इस पर आयकर अधिकारी उसे कस्टडी में लेकर चली गई।
दोपहर को आरपीएफ एस्कॉर्ट ओंकार सिंह अवैध वेंडरों की तलाश में जनरल कूपे चेकिंग कर रहे थे। आरपीएफ के मुताबिक एक संदिग्ध युवक बैग लिए बैठा नजर आया। पूछताछ करने पर वह सकपका गया। बैग की तलाशी ली तो उसमें 500 रुपये की 56 गड्डियां, 200 रुपये की 33 और 100 रुपये की 36 गड्डियां थीं। उसने अपना नाम मनीष निवासी खेसहन, गाजीपुर फतेहपुर बताया। उसने बताया कि फतेहपुर के किराना व्यापारी अभिषेक के यहां वह नौकरी करता है। यह पैसा अभिषेक का ही है। इस पर आयकर अधिकारियों ने आरपीएफ पोस्ट में मनीष से एकांत में पूछताछ की। कोई कागजात न मिलने पर रुपये और मनीष को साथ ले गए। व्यापारी से मांगा रकम का विवरण, वरना जब्त होगी आयकर अधिकारियों ने किराना व्यापारी को सूचना देकर मंगलवार को दस्तावेजों के साथ बुलाया है। अधिकारियों के रुपये से संबंधित दस्तावेज न दे पाने पर नकदी जब्त कर ली जाएगी। साथ ही व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


