Kanpur News: 2.20 करोड़ की ठगी करने वाला सीए दो साल बाद गिरफ्तार
Kanpur News: रेल बाजार पुलिस ने दो साल बाद 2.20 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग कर आईटीसी चुराने वाले एक इनामी आरोपी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया है। सुलेमान, पीड़ित, ने जैन इंटरप्राइजेज का जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने के बाद काम बंद कर दिया था। मोहम्मद इरफान लगातार स्थान बदल रहा था और पुलिस की दबिश के बाद लखनऊ में पकड़ा गया।

Kanpur News: चकेरी, संवाददाता। रेलबाजार पुलिस ने फर्म से फर्जी बिलिंग कर 2.20 करोड़ से ज्यादा की आईटीसी चोरी करने वाले दस हजार के इनामी आरोपित को दो साल बाद गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेजा गया है। आरोपित लगातार कई राज्यों में जाकर अपनी लोकेशन बदल रहा था। रेल बाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में सुजातगंज निवासी सुलेमान ने एक मुकदमा दर्ज कराया था कि उनकी कपड़ों का कारोबार करने की फर्म जैन इंटरप्राइजेज का जीएसटी रजिस्ट्रेशन उन्होंने अपनी पहचान के सीए चकेरी के चिश्ती नगर निवासी मोहम्मद इरफान से जुलाई 2019 में कराया था। लेकिन दो माह में ही कंपनी घाटे में जाने के बाद पीड़ित ने कारोबार को बंद कर दिया था।
इसके बाद पीड़ित ने सीए इरफान से भी फर्म बंद कर देने के लिए कहा। उसके बाद पीड़ित सुलेमान सऊदी अरब जाकर काम करने लगा। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अप्रैल 2024 में जब वे वापस भारत लौटे तो उनके पते पर जीएसटी विभाग का नोटिस आया। फिर वे आरोपित सीए के निवास पहुंचे तो पता चला कि आरोपित अब वहां नहीं रहता है। जीएसटी कार्यालय जाने पर उन्हें जानकारी हुई आरोपित सीए ने फर्जी बिलिंग कर करीब 2.20 करोड़ से ज्यादा की जीएसटी आईटीसी चोरी की है। जिसके बाद पीड़ित सुलेमान ने रेलबाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न जनपदों और राज्यों में लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए रेलबाजार पुलिस ने दो टीमें गठित कीं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। सर्विलांस टीम की मदद से भी आरोपित की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। रेलबाजार पुलिस और सर्विलांस टीम के लगातार प्रयासों के बाद आरोपी के लखनऊ में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने शुक्रवार रात थाना गुडंबा क्षेत्र स्थित अफसाना अपार्टमेंट में दबिश दी और मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को जेल भेज दिया गया है।


