गर्भवती महिलाओं की जांच को अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं
Kanpur News - कानपुर के सर्वोदय नगर स्थित ईएसआईएस अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रसाउंड मशीन की कमी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दो वर्षों से अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं है और सोनोलॉजिस्ट के पद की रिक्तता के कारण नई मशीन खरीदने की अनुमति भी नहीं मिल रही है।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। प्रदेश सरकार से संचालित राज्य कर्मचारी बीमा योजना (ईएसआईएस) अस्पताल सर्वोदय नगर में गर्भवती महिलाओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में दो वर्षों से अल्ट्रसाउंड मशीन नहीं है। हैरान करने वाली बात है कि हाल-फिलहाल अल्ट्रासाउंड सुविधा मिलने वाली भी नहीं है। ऐसे में, निशुल्क इलाज की आस में निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर हजारों रुपये जांच में खर्च करना बीमा धारक परिवारों की मजबूरी है। ईएसआईएस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए विभाग ने कई बार फाइल चलाई, लेकिन हर बार सोनोलॉजिस्ट की कमी बताकर मांग को खारिज कर दिया गया। ईएसआईएस में चिकित्सकीय उपकरणों की खरीद की स्वीकृति राज्य कर्मचारी बीमा निगम (ईएसआईसी) देता है।
चूंकि, ईएसआईएस अस्पताल सर्वोदय नगर में सोनोलॉजिस्ट का पद खाली है। रिक्त पद भरे जाने पर ही ईएसआईसी चिकित्सकीय उपकरणों की खरीद की इजाजत देगा। रिक्त पदों पर भर्ती का मसला फाइलों में प्रदेश भर के ईएसआईएस अस्पतालों में टेक्निशियन और विशेषज्ञ की भर्ती के लिए अधिकारियों ने बीते साल फाइल चलाई थी। छह माह बीत चुके हैं, लेकिन भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का मसला शासन में अटका है। बताते हैं कि भर्ती के लिए विभाग सेवानियमावली ढूंढ रहा है। कोट- सर्वोदय नगर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं है। सोनोलॉजिस्ट का पद खाली होने से मशीन खरीद की इजाजत नहीं मिल पा रही है। -सौम्या पांडे, निदेशक, ईएसआईएस
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



