चोरी के ई-रिक्शे में ले गए थे ट्रांसपोर्ट का माल, दो गिरफ्तार
Kanpur News - चोरी के ई-रिक्शे में ले गए थे ट्रांसपोर्ट का माल, दो गिरफ्तार चोरी के ई-रिक्शे में ले गए थे ट्रांसपोर्ट का माल, दो गिरफ्तार

कानपुर दक्षिण। जूही के मिलिट्री कैंप चौकी के रत्तूपुरवा में वरुणा ट्रांसपोर्ट के बाहर रखा लाखों का हार्डवेयर माल चोरी करने वाले दो आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। शातिर चोरों ने पहले टीपी नगर से ही एक ई-रिक्शा चोरी किया और फिर ट्रांसपोर्ट के बाहर रखा माल पार कर ले गए थे। चोरों की पहचान टायर मंडी जूही निवासी रंजीत उर्फ लल्ला और गोस्वामी नगर निवासी धर्मेंद्र गोस्वामी के रूप में हुई। डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि किदवई नगर निवासी श्याम शुक्ला के रत्तूपुरवा स्थित वरुणा ट्रांसपोर्ट के बाहर से एक मार्च को चोरों ने ई-रिक्शा से सात गत्ते हार्डवेयर का सामान पार कर दिया।
घटना ट्रांसपोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की, जिसमें फुटेज के माध्यम से जूही ढाल के पास रंजीत और धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी कबूल करते हुए बताया कि फरार साथी अंकुर और जीतू के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। रंजीत की निशानदेही पर उसके घर से चोरी किया गया सात गत्ता माल भी बरामद कर लिया गया है। दरोगा मोहित राणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में रंजीत पर हत्या का मामला दर्ज है, जबकि धर्मेंद्र पर चोरी का मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं, फरार आरोपितों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। पकड़े गए आरोपितों को को जेल भेज दिया गया है। वहीं, माल बरामदगी को लेकर ट्रांसपेार्टरों ने पुलिस की सरहाना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


