सीएसए विवि की टमाटर तकनीक को मिली राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता
Kanpur News - हैदराबाद के कोंडा लक्ष्मण तेलंगाना बागवानी विश्वविद्यालय में 44वीं वार्षिक बैठक में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नई टमाटर उत्पादन तकनीक को मान्यता मिली। वैज्ञानिक डॉ. राजीव के अनुसंधान से अधिकतम लाभ 4,02,573 रुपये प्रति हेक्टेयर प्राप्त हुआ। यह तकनीक किसानों के लिए अनुशंसित है।

हैदराबाद स्थित कोंडा लक्ष्मण तेलंगाना बागवानी विश्वविद्यालय में 44वीं वार्षिक समूह बैठक का आयोजन हुआ। 20 से 22 फरवरी के बीच चली बैठक में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के शाकभाजी अनुभाग की ओर से विकसित टमाटर उत्पादन की नई तकनीक को प्रदर्शित किया गया। इस तकनीक को बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दी गई। यह तकनीक सस्य वैज्ञानिक डॉ. राजीव ने पिछले तीन वर्षों के सतत अनुसंधान एवं परीक्षणों के उपरांत विकसित की है। उन्होंने अनुसंधान कल्याणपुर में रबी मौसम में ‘काशी अमन’ प्रजाति पर किया। डॉ. राजीव ने बताया कि टमाटर में वृद्धि नियामकों तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों के विभिन्न संयोजनों का तुलनात्मक अध्ययन किया गया।
डॉ. राजीव ने विभिन्न परिणामों के बाद आर्थिक विश्लेषण कर बताया कि उक्त तकनीक से अधिकतम शुद्ध लाभ 4,02,573 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा लाभ-लागत अनुपात 4.39 प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि टमाटर की फसल में अधिक उपज एवं अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त करने के लिए किसान अपनी फसल पर जिब्रेलिक अम्ल 50 पीपीएम एवं सूक्ष्म पोषक तत्व मिश्रण @ 0.5 फीसदी को फसल रोपाई के 30 एवं 45 दिन पर छिड़काव करें। इस तकनीक को उत्तर प्रदेश सहित समान कृषि-जलवायु परिस्थितियों में टमाटर उत्पादक किसानों के लिए अनुशंसित किया गया है। विवि के कुलपति के विजयेंद्र पांडियन ने इस उपलब्धि पर वैज्ञानिक दल को बधाई दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


