एसएसएफ की नई बटालियन के जिम्मे होंगे कोर्ट-मेट्रो और पावर हाउस
कानपुर में विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) की नई बटालियन स्थापित की जाएगी, जो कोर्ट, मेट्रो और पनकी पावर हाउस की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेगी। इसके लिए 35 एकड़ जमीन की मांग की गई है। स्थापना के बाद 978 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे, जिससे कानपुर कोर्ट और मेट्रो की सुरक्षा में तैनात प्रयागराज का बल हटा लिया जाएगा।

कानपुर। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की नई बटालियन के जिम्मे अब कानपुर समेत पूरे मंडल की कोर्ट, मेट्रो और पनकी पावर हाउस की सुरक्षा होगी। इसके लिए कानपुर में विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) की 9वीं वाहिनी का कार्यालय खोला जाएगा। पुलिस उपमहानिरीक्षक उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल ने जिला प्रशासन से 35 एकड़ से अधिक जमीन मांगी है। गोपालपुर में दो हेक्टेयर जमीन मिल चुकी है। स्थापना के बाद 978 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। वर्तमान समय में कानपुर कोर्ट की सुरक्षा में 133 और कानपुर मेट्रो की सुरक्षा में 247 सुरक्षाकर्मी तीसरी वाहिनी विशेष सुरक्षा बल प्रयागराज के लगे हैं। भविष्य को देखते हुए कानपुर में 9वीं वाहिनी विशेष सुरक्षा बल की स्थापना होनी है। आवासीय और अनावासीय भवनों का निर्माण भी होना है। अभी तक सदर तहसील के गोपालपुर में दो हेक्टेयर जमीन ही मिल सकी है। अभी 35 एकड़ जमीन की और जरूरत है। इसके लिए उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल मुख्यालय के पुलिस उप महानिरीक्षक हेमंत कुटियाल ने डीएम को पत्र भेजकर जमीन की मांग की है। सदर तहसील में कार्यालय और भवन के लिए जमीन की तलाश की जा रही है。
कानपुर मंडल कोर्ट की सुरक्षा भी एसएसएफ करेगी
अभी विशेष सुरक्षा बल के सिर्फ कानपुर कोर्ट में 133 और मेट्रो में 247 कर्मी लगे हैं। आने वाले समय में कानपुर देहात, औरेया, इटावा, फतेहगढ़ और कन्नौज के जिला न्यायालय और पनकी पावर हाउस की सुरक्षा भी एसएसएफ करेगी। मंडल की सभी कोर्ट के लिए कुल 356 और पनकी पावर हाउस के लिए 242 सुरक्षाकर्मी मुस्तैद किए जाएंगे। ऐसे में कुल 978 सुरक्षाकर्मी कोर्ट, मेट्रो और पावर हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे। इनकी तैनाती के बाद कानपुर जिला कोर्ट और मेट्रो में तैनात प्रयागराज का बल हटा लिया जाएगा।
कोट
कानपुर में 9वीं वाहिनी विशेष सुरक्षा बल की स्थापना होनी है। उनका कार्यालय और भवन बनना है। गोपालपुर में दो हेक्टेयर जमीन दे दी गई है। पुलिस उप महानिरीक्षक ने 35 एकड़ जमीन और मांगी है। उसकी तलाश की जा रही है।
- विवेक चतुर्वेदी, एडीएम फाइनेंस
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


