
पांच लाख आबादी को एक और गंगा पुल की सौगात
Kanpur News - गणतंत्र दिवस पर पुराने गंगा पुल के पास नया फोरलेन गंगा पुल बनाने का भूमिपूजन किया गया। पुल की लंबाई 1200 मीटर होगी और इसे जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। यह पुल कानपुर और उन्नाव के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा और लगभग पांच लाख लोगों को राहत देगा।
पुराने गंगा पुल के बगल से फोरलेन का नया गंगा पुल बनेगा। यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर निर्माण का भूमिपूजन किया। लगभग 1200 मीटर लंबा यह फ्लाईओवर फोरलेन का होगा। इस पुल को बनाने की समयावधि जून-2028 (30 महीने) तय की गई है। फोरलेन के इस पुल के बनने से कोई पांच लाख आबादी को राहत होगी। इसके साथ ही कैंट से लखनऊ या उन्नाव जाने का एक और सुगम रास्ता मिलेगा। यह पुल पुराने गंगा पुल के पास ही बनेगा। रमेश अवस्थी ने कहा कि यह पुल वर्षों से क्षेत्रवासियों की मांग रही है, जिसे आज साकार किया जा रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने का कार्य निरंतर हो रहा है। यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि यह परियोजना कानपुर और उन्नाव के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। समय की बचत के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा। यहां भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, एमएलसी अरुण पाठक पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, बीडी राय, बोर्ड सदस्य लखन ओमर सुमित तिवारी, राकेश तिवारी, प्रस्तावना तिवारी, सुरेंद्र अवस्थी रहे। पुल का ब्योरा एक नजर में लंबाई 1196.5 मीटर लागत 23525.63 लाख रुपये काम का लक्ष्य जून-2028 लेन 04 वाहन लोड 3 लाख 150 साल पुराना पुल 2021 में हुआथा बंद भूमि पूजन समारोह में मौजूद सेतु निगम के अफसरों ने बताया कि पुराना शुक्लागंज पुल वर्ष 1875 में बना था। जर्जर होने की वजह से इसे 10 अप्रैल-2021 को बंद कर दिया था। इसके बाद मई 2025 में नया फोरलेन पुल बनाने के प्रस्ताव पर शासन की मुहर लगी थी। फोरलेन पुल के दोनों ओर साइकिल और राहगीरों के लिए अलग लेन बनेगी। क्योंकि इस रास्ते से राहगीर और साइकिल सवार बड़ी संख्या में कानपुर शहर आते और जाते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




