पनकी मंदिर चौकी के पास महिला का शव नाले में फेंका
Kanpur News - कल्याणपुर में पनकी मंदिर के पास एक महिला का शव कंबल में लिपटा हुआ नाले में मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को बाहर निकालकर मोर्चरी भेजा। महिला की हत्या कर शव को यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कल्याणपुर, संवाददाता। पनकी मंदिर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक महिला का शव कंबल में लिपटा नाले में पड़ा मिला। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवा मोर्चरी भेज दिया। महिला की हत्या कर शव यहां लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पनकी के गणेश शंकर विद्यार्थी नगर स्टेशन मोड़ के पास शनिवार को लगभग 35 वर्षीय महिला का शव कंबल में लिपटा हुआ नाले में पड़ा मिला। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। महिला ने पीले रंग में सफेद धारी का कुर्ता, गुलाबी रंग की छापेदार सलवार व नाक में बाली पहनी हुई है।
मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने शव की जांच पड़ताल कर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस के मुताबिक शव लगभग तीन दिन पुराना है। साथ ही कंबल में लिपटा होने के चलते आशंका है कि महिला की हत्या कर शव यहां लाकर फेंका गया है। पनकी इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही अन्य तकनीकी बिदुओं पर जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



