
कानपुर देहात में रोटावेटर से घायल युवक की हत्याकर शव फतेहपुर में फेंका
Kanpur News - कानपुर देहात,संवाददाता। शिवली कोतवाली क्षेत्र के जुगराजपुर बिठूर से लाही बोआई कराने गए युवक के रोटावेटर से घायल होने के बाद फंसने के भय से दो ल
कानपुर देहात,संवाददाता। शिवली कोतवाली क्षेत्र के जुगराजपुर बिठूर से लाही बोआई कराने गए युवक के रोटावेटर से घायल होने के बाद फंसने के भय से दो लोगों ने उसकी हत्या कर शव कार से ले जाकर फतेहपुर में फेंक दिया गया था। मामले में पुलिस ने अपहरण के साथ हत्या, साक्ष्य छिपाने व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा तरमीम कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपित का नाम सामने आने पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
जुगराजपुर बिठूर निवासी 42 वर्षीय ओम प्रकाश दिवाकर उर्फ गुड्डू 16 अक्तूबर को लाही बोआई के लिए खेत पर जाने के बाद लापता हो गया था। दूसरे दिन गुमशुदगी दर्ज होने के बाद 18 अक्तूबर को श्याम किशोर पाठक के खेत में उसके खून सने कपड़ों के टुकड़े मिलने पर ओम प्रकाश की पत्नी मालती ने गांव के ट्रैक्टर मालिक कन्हैया मिश्रा व जुगराजपुर के मजरा कल्यानपुर के चालक नन्हा उर्फ राजकुमार पर पति को गायब करने का आरोप लगा शिवली कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने ट्रैक्टर मलिक व चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर 21 अक्तूबर को बरिगवां थाना क्षेत्र के बकेवर के पास से लापता ओम प्रकाश दिवाकर का शव बरामद कर लिया। सीओ रसूलाबाद राजीव सिरोही ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक व चालक ने रोटावेटर से ओम प्रकाश के घायल होने के बाद मुकदमे के डर से उसकी हत्या कर गांव के रत्नेश उर्फ छोटू त्रिवेदी के साथ शव कार से ले जाकर फेंकने की बात स्वीकार की है। इसके बाद मुकदमे को अपहरण, हत्या, साक्ष्य छिपाने व एससीएसटी एक्ट की धारा में तरमीम कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




