हत्या की आशंका पर कब्रिस्तान से निकलवाया महिला का शव हत्या की आशंका पर कब्रिस्तान निकलवाया महिला का शव
कानपुर के बेकनगंज में एक महिला की मौत के मामले में उसके मायकेवालों ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि दामाद ने महिला को पीटने के बाद करंट लगाकर उसकी हत्या की। महिला की छह वर्षीय बेटी ने जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कानपुर। बेकनगंज में नौ दिन पहले महिला की मौत के मामले में मायकेवालों ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस आयुक्त से शिकायत की। उनके आदेश पर शनिवार को बेकनगंज पुलिस ने मायकेवालों के सामने कब्रिस्तान से शव निकलवा कर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। आरोप है कि दामाद ने एक महिला के साथ मिलकर बेटी को पीटने के बाद करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। महिला की छह वर्षीय बेटी ने मायकेवालों को जानकारी दी तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। अनवरगंज स्थित आलम मार्केट निवासी 40 वर्षीय निशा कौसर की वर्ष 2007 में रिजवी रोड के रहने वाले सिलाई कारीगर इंतजार अहमद से हुई थी।
उनके परिवार में दो बेटे इमरान, जीशान और दो बेटियां अदीबा, अरबिया हैं। निशा के भाई आमिर का आरोप है कि बहनोई अक्सर बहन के साथ मारपीट करते थे। कई बार बहन को लहूलुहान तक कर दिया था। हालांकि परिजन द्वारा बीचबचाव करने पर समझौता हो जाता था। बकरीद के त्योहार से एक दिन पहले 27 मई की शाम को बहन को बाजार से खरीदारी कराकर ससुराल के बाहर छोड़ा था। इस दौरान बड़ी भांजी अदीबा उनके घर पर थी। जबकि, भांजा इमरान नमाज पढ़ने और जीशान काम पर गया था। बहन के घर पर छह वर्षीय छोटी भांजी अरबिया ही मौजूद थी। देर शाम तक बहन भांजी को लेने घर नहीं पहुंची तो परिजन ने कॉल की। इस बीच भांजे ने मां की करंट लगने से मौत होने की जानकारी दी। इसके बाद उन लोगों ने कर्नलगंज स्थित कब्रिस्तान में बहन को दफनाया। आरोप है कि घटना के दो दिन बाद छह वर्षीय छोटी भांजी अरबिया ने पिता द्वारा मां को पीटने की जानकारी दी। इसके बाद मायके वालों ने दामाद और एक महिला पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की। बेकनगंज थाना प्रभारी मतीन खान ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दिए बिना ही मायके वालों ने शव दफनाया था। अब मायकेवाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। शनिवार को शव को कब्रिस्तान से निकलवा कर पोस्टमार्टम प्रक्रिया के भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


