Kanpur News: स्कूल बस का इंतजार कर रहे मासूम पर बंदरों का हमला
Kanpur News: कानपुर की ट्रैफिक पुलिस लाइन के बाहर स्कूल बस का इंतजार कर रहे आठ वर्षीय शौर्य पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों ने उसके पैर में कई जगह काटकर उसे घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाया और परिजन अस्पताल ले गए। निवासियों का कहना है कि इलाके में बंदरों का आतंक लगातार बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से बंदरों को पकड़ने की मांग की है।

Kanpur News: कानपुर दक्षिण, संवाददाता। ट्रैफिक पुलिस लाइन के आसपास बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे आठ साल के मासूम पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों ने बच्चे के पैर में कई जगह काटकर उसे लहूलुहान कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर लाठी-डंडे लेकर दौड़े क्षेत्रीय लोगों ने किसी तरह उसे बंदरों के झुंड से बचाया। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों के परिवारों में आक्रोश है। क्षेत्रीय लोगों ने वन विभाग से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।
जीआरपी में तैनात सिपाही अमित यादव अपने परिवार के साथ ट्रैफिक पुलिस लाइन में रहते हैं। अमित ने बताया कि उनका आठ वर्षीय बेटा शौर्य कृष्णापुरम स्थित एक स्कूल में कक्षा दो का छात्र है। सोमवार को शौर्य रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। ट्रैफिक पुलिस लाइन के बाहर बस का इंतजार करते समय अचानक बंदरों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों ने उसके पैर में कई जगह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े और बंदरों को खदेड़कर उसे बचाया। इसके बाद परिजन घायल बच्चे को निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। क्षेत्रीय निवासी हर्ष यादव, शुभम गुप्ता गोल्डी और रोहित ने बताया कि आसपास के इलाकों में बंदरों का आतंक लगातार बना हुआ है। बंदर पहले भी कई लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से बंदरों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने विभाग से बंदरों को पकड़वाकर लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

